गाजियाबाद: दुजाना गैंग का कुख्यात शार्पशूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस की गोली से हुआ घायल
गाजियाबाद। थाना मसूरी पुलिस और स्वाट टीम ने मंगलवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात अनिल दुजाना और बलराम ठाकुर गैंग के सक्रिय सदस्य अब्बास उर्फ बाबू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अपहरण और रंगदारी की वारदातों में वांछित चल रहा अपराधी अब्बास नाहल चौराहे के पास मौजूद है। सूचना पर इंस्पेक्टर मसूरी अजय चौधरी और स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इस दौरान बाइक सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जब उसे पीछा कर घेर लिया, तो बदमाश बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में बदमाश अब्बास के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
ये भी पढ़ें गाजियाबाद : अपार्टमेंट के फ्लैट में लगी भीषण आग, 14 वे फ्लोर पर था फ्लैट, फायर ब्रिगेड ने पाया काबूअपहरण और फिरौती का शातिर अपराधी
गिरफ्तार अभियुक्त अब्बास उर्फ बाबू, पुत्र लियाकत अली, मूल रूप से बुलंदशहर के जहांगीराबाद स्थित सांकनी गांव का निवासी है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह दुजाना गैंग के कुख्यात बलराम ठाकुर (जो जुलाई में मुठभेड़ में मारा जा चुका है) के लिए काम करता था। इसी गैंग ने 13 जुलाई 2025 को मसूरी क्षेत्र से एक ट्रांसपोर्टर का अपहरण कर उसे बंधक बनाया था और मारपीट कर जेवरात व मोटी फिरौती वसूली थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही अब्बास पुलिस की रडार पर था।
दर्ज हैं करीब एक दर्जन मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अब्बास पर गाजियाबाद, बुलंदशहर और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में रंगदारी, फिरौती, अपहरण और लूट जैसे गंभीर अपराधों के करीब 9 मुकदमे दर्ज हैं। वह दुजाना गैंग के लिए नेटवर्क चलाने और व्यापारियों से वसूली करने का काम करता था। मुठभेड़ के बाद पुलिसकर्मी घायल बदमाश को मौके से उठाकर अस्पताल ले गए। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार और बाइक बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि अब्बास की गिरफ्तारी से दुजाना गैंग के बचे हुए नेटवर्क को तोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां