नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के के सेक्टर-34 में रहने वाली एक युवती ने परिजनों की डांट-फटकर से नाराज होकर आक्रोश में पेट्रोल पी लिया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इसके अलावा थाना फेस-दो क्षेत्र के इलाहाबास गांव में रहने वाली एक 17 वर्षीय छात्रा रात को संदिग्ध परिस्थितियों में छत से नीचे गिर गई। इस घटना में उसकी मौत हो गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच-पड़ताल कर रही है।
थाना फेस- 2 के प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि इलाहाबास गांव में रहने वाली कुमारी आरुषि उम्र 17 वर्ष रात को अपने घर की छत पर थी, तभी वह असंतुलित होकर उपर से नीचे गिर गई। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होने बताया कि वह एक स्कूल से पढ़ाई कर रही थी। इस घटना से मृतका के परिजनों में मातम का माहौल है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के सेक्टर-34 में रहने वाली एक 25 वर्षीय युवती ने रात को अपने घर पर परिजनों के डांटने पर आक्रोश में आकर पेट्रोल पी लिया। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए सेक्टर-29 स्थित भारद्वाज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मीनाक्षी सिंह निवासी अरावली अपार्टमेंट सेक्टर-34 ने बीती रात को अपने घर पर मानसिक तनाव के चलते आक्रोश में आकर पेट्रोल पी लिया। उसके पिता मुकुंद सिंह ने उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।