नोएडा । जेवर विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी भूमि देने वाले प्रभावित किसान परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराना यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) का दायित्व है। जिसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने उक्त बातें रबूपुरा स्थित कैंप ऑफिस पर नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) तथा यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कही। बैठक में विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जिन किसानों ने अपनी पुश्तैनी जमीनें देकर इस हवाई अड्डे को साकार करने में योगदान दिया है, उनके परिवारों को रोजगार प्रदान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों के बच्चों को समयबद्ध प्रक्रिया के तहत शीघ्र नौकरी सुनिश्चित कराई जाए।
बैठक के दौरान विधायक ने कहा कि जेवर का विकास किसानों के सम्मान के साथ ही संभव है। प्रभावित परिवारों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। किसानों का विश्वास ही जेवर के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी शक्ति है, और उस विश्वास को हर हाल में कायम रखा जाएगा। बैठक में एसीईओ शैलेंद्र भाटिया, ओएसडी शैलेंद्र कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी यमुना प्राधिकरण एचपी सिंह व अभिषेक शाही, दुर्गेश कुमार सिंह, आशुतोष कुमार, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर, कोतवाली प्रभारी जेवर संजय कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।
टिप्पणियां