नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कूटी व पैदल रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मिशन शक्ति के तहत पुलिसकर्मियों ने महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा मनीषा सिंह द्वारा स्कूटी व पैदल रैली का शुभारंभ नोएडा स्टेडियम के गेट नबंर -4 से किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में महिला पुलिस ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में महिला पुलिसकर्मी स्कूटी चलाते हुए तथा पैदल मार्च करते हुए विभिन्न मार्गों से होकर गुजरीं और अंत में पुनः निर्धारित स्थल पर उसका समापन किया गया।
रैली के माध्यम से समाज में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण, महिलाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता तथा समान अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस दौरान आमजन को बताया गया कि नोएडा पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों जैसे Dail-112, महिला हेल्पलाइन नंबर-1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर-1076, साइबर हेल्पलाइन नंबर-1930, आपातकालीन सेवा-112, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर-1098, वन स्टॉप सेंटर नंबर-181 आदि के बारे में भी जागरूक किया गया तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना झिझक पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह रैली मिशन शक्ति के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने, नारी शक्ति के सम्मान एवं महिलाओं की सुरक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही है।
टिप्पणियां