नोएडा । ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पहल पर पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस और कैच फाउंडेशन की तरफ से सीएसआर फंड के जरिए रायपुर बांगर के पास वन क्षेत्र विकसित किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने शनिवार को पौधरोपण कर इसकी शुरुआत की। इस वन क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। ये सभी देसी पौधे होंगे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तरफ से रायपुर बांगर में ग्रीन बेल्ट की जमीन उपलब्ध कराई गई है। प्राधिकरण की वरिष्ठ प्रबंधक उद्यान अजीत भाई पटेल ने बताया कि आसपास औद्योगिक क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए इस ग्रीन बेल्ट को विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना कैच वन संरक्षण प्रणाली मियावाकी पद्धति का उपयोग करके तैयार की गई है, जो शहरी परिदृश्यों में उच्च घनत्व वाले देशी वनों के निर्माण के लिए एक संरचित दृष्टिकोण है। यह पद्धति मिट्टी के स्वास्थ्य को बहाल करने, विभिन्न स्वदेशी प्रजातियों को निकटता से लगाने और बहुस्तरीय वनस्पति स्थापित करने पर केंद्रित है जो वन विकास को गति देती है। कैच फाउंडेशन तीन वर्षों की अवधि के लिए वृक्षारोपण का रखरखाव और निगरानी करेगा।
इस दौरान पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस की ओर से सतीश कुमार सिंह मुख्य मानव संसाधन अधिकारी, वीना कामत कंपनी सचिव और आईटी प्रमुख अनुभव राजपूत, कैच फाउंडेशन के संस्थापक, अध्यक्ष भरत सिसोदिया सहित उपस्थित रहे।
टिप्पणियां