बिहार विधानसभा को मिला बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
पटना । बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिलने के बाद शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अध्यक्ष प्रेम कुमार ने आज इस संदेश को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तत्काल बैठक बुलाई, जिसमें स्थिति का आकलन तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अध्यक्ष ने विधानसभा के प्रभारी सचिव ख्याति सिंह को निर्देश दिया कि वे तुरंत मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को इस धमकी की जानकारी दें और विधानसभा परिसर की व्यापक सुरक्षा जाँच कराएं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सुरक्षा कर्मियों को पूरे परिसर में व्यापक तलाशी लेने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और उसकी सत्यता का पता लगाने के लिए भी कहा गया है।
अध्यक्ष श्री कुमार के निर्देश के बाद राज्य के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है और सुरक्षा के दृष्टिकोण से विधानसभा परिसर की गहन जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस बीच बिहार विधानसभा सचिवालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) ने बताया कि विधानसभा परिसर और वहां काम करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं। एहतियात के तौर पर परिसर के आसपास सुरक्षा जांच और निगरानी बढ़ा दी गई है।
पीआरओ ने कहा कि इस घटनाक्रम ने गंभीर सुरक्षा चिंताएं पैदा कर दी हैं और अधिकारी धमकी भरे ई-मेल के स्रोत की जांच करने में लगे हुए हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां