मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत से बढ़ी तपिश कई शहरों में पारा 35 डिग्री के पार जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
मार्च का महीना शुरू होते ही मध्य प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। महीने के पहले ही दिन कई शहरों में तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया। निमाड़ क्षेत्र के खरगोन में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिससे लोगों को अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। राजधानी भोपाल इंदौर ग्वालियर उज्जैन और जबलपुर में भी तेज धूप ने दिन को तपिश भरा बना दिया है।
चार दिनों में और बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। यानी मार्च की शुरुआत ही गर्म रहने वाली है। दिन के साथ साथ रात का तापमान भी धीरे धीरे ऊपर जाएगा। पचमढ़ी को छोड़ लगभग पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज किया गया है। धार गुना खंडवा श्योपुर खजुराहो मंडला नरसिंहपुर सतना और सिवनी जैसे जिलों में पारा 33 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है।
रात में भी बढ़ रही है गर्माहट
फरवरी के आखिर और मार्च की शुरुआत में रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। जबलपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री और सतना में 18.2 डिग्री दर्ज किया गया। धार नर्मदापुरम छिंदवाड़ा सागर टीकमगढ़ और उमरिया समेत कई शहरों में रात का पारा 17 डिग्री से अधिक रहा। इससे साफ है कि अब रातों की ठंडक धीरे धीरे कम हो रही है और गर्मी की दस्तक साफ महसूस की जा सकती है।
अप्रैल और मई में बढ़ेगी तपिश
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अप्रैल और मई सबसे ज्यादा गर्म रहेंगे। ग्वालियर चंबल जबलपुर रीवा शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है। भोपाल इंदौर उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग भी भीषण गर्मी की चपेट में रह सकते हैं। पिछले वर्षों के ट्रेंड को देखें तो मार्च में दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहती हैं और बीच बीच में हल्की बारिश भी होती है। इस बार भी ऐसे ही संकेत मिल रहे हैं।
रंगपंचमी के आसपास मिल सकती है राहत
4 मार्च से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हो रहे नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दो दिन बाद मध्य प्रदेश में दिखाई दे सकता है। इसके चलते रंगपंचमी के आसपास कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। यदि यह सिस्टम सक्रिय रहता है तो तापमान में हल्का उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है और लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है।
भोपाल इंदौर और उज्जैन में दिन का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है जबकि रातें 10 से 17 डिग्री के बीच रह सकती हैं। ग्वालियर में तापमान में उतार चढ़ाव सबसे ज्यादा देखने को मिलता है इसलिए वहां मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
युवा और ऊर्जावान पत्रकार चयन प्रजापत 'रॉयल बुलेटिन' के लिए मध्य प्रदेश के इंदौर से रिपोर्टिंग कर रहे हैं। आपकी मुख्य विशेषज्ञता खेल (Sports), कृषि (Farming) और ऑटोमोबाइल (Automobile) सेक्टर में है। चयन प्रजापत इन विषयों की तकनीकी समझ के साथ-साथ ज़मीनी हकीकत को अपनी खबरों में पिरोने के लिए जाने जाते हैं। इंदौर और मालवा क्षेत्र की खबरों के साथ-साथ ऑटोमोबाइल और खेल जगत की विशेष कवरेज के लिए आप रॉयल बुलेटिन के एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।

टिप्पणियां