मुजफ्फरनगर में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल की कठोर कैद, 40 हजार का जुर्माना
न्याय की जीत:साल 2010 के दुष्कर्म मामले में अदालत का बड़ा फैसला
मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में करीब 16 साल पहले नाबालिग से दुष्कर्म और अपहरण के मामले में बुधवार को एडीजे/एफटीसी-02 न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया। अदालत ने ठोस साक्ष्यों और पुलिस की प्रभावी पैरवी के आधार पर आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास और 40 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
मामला 18 जून 2010 का है, जब थाना चरथावल क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि शामली जनपद के कांधला थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्जनपुर खेड़ा निवासी इंतजार उर्फ कालू उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने तत्काल मुकदमा (धारा 363, 366, 376 भादवि) दर्ज कर आरोपी को 26 जून 2010 को गिरफ्तार कर लिया था।
ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हुई पैरवी
इस मामले में मुजफ्फरनगर पुलिस की सक्रियता और न्यायालय में की गई मजबूत पैरवी का बड़ा योगदान रहा। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और 'ऑपरेशन कन्विक्शन' के तहत पुलिस टीम ने केस की बारीकी से मॉनिटरिंग की। एडीजीसी अरुण कुमार शर्मा और कोर्ट पैरोकार मुख्य आरक्षी कुलदीप तोमर ने न्यायालय में साक्ष्यों को मजबूती से रखा, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी को सजा दिलाने में सफलता मिली।
न्यायपालिका पर बढ़ता आमजन का भरोसा
न्यायाधीश कमलापति ने बुधवार, 11 मार्च 2026 को दोनों पक्षों को सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रखा और आरोपी को दोषी मानते हुए सजा सुनाई। इस फैसले के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि पुलिस की प्रभावी कार्यप्रणाली से अपराधियों में खौफ और आमजन का न्याय व्यवस्था में विश्वास बढ़ा है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां