शामली: विक्की त्यागी के हत्यारे सागर मलिक के पिता की गोली मारकर हत्या, बहावड़ी गांव छावनी में तब्दील
बागपत/शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात डॉन विक्की त्यागी की हत्या कर सनसनी फैलाने वाले सागर मलिक के पिता विवेक उर्फ विक्की मलिक की बीती रात जनपद बागपत के दोघट गांव में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब विवेक मलिक एक बारात में शामिल होने पहुंचे थे। इस हत्याकांड के बाद शामली के बहावड़ी गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और गांव पूरी तरह छावनी में तब्दील हो गया है।
शादी के जश्न के बीच फिल्मी अंदाज में हत्याकांड
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शामली के बहावड़ी निवासी विवेक मलिक बुधवार रात बागपत के दोघट में एक मैरिज होम में आयोजित शादी समारोह में आए थे। बताया जा रहा है कि जब वे मैरिज होम के बाहर अपनी कार के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए पहले हवाई फायरिंग की और फिर विवेक मलिक को गोलियों से भून दिया। वारदात के बाद भागते समय एक हमलावर का पैर फिसल गया जिसे मौके पर मौजूद भीड़ ने दबोच लिया और जमकर धुनाई कर दी, जबकि दो अन्य हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे।
ये भी पढ़ें शामली में अग्रवाल मित्र मंडल के सचिव ने जनता को बताएं स्मार्ट मीटर के फायदे, भ्रांतियों को किया दूरदशकों पुरानी चुनावी रंजिश की भेंट चढ़ी एक और जान
बहावड़ी गांव में ग्राम प्रधान के चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश का इतिहास खूनी रहा है। इस रंजिश में अब तक करीब 10 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। सागर मलिक के असली पिता यशपाल की हत्या भी उसी समय कर दी गई थी जब सागर महज डेढ़ वर्ष का था। यशपाल की हत्या के बाद उनकी पत्नी बबली की शादी मृतक विवेक मलिक (यशपाल के भाई) से कराई गई थी। सागर मलिक ने अपने पिता यशपाल की हत्या का बदला लेने के लिए ही 16 साल की उम्र में पूर्व प्रधान देवेंद्र की मुजफ्फरनगर कोर्ट में हत्या की थी और बाद में 2015 में वकील के भेष में जाकर डॉन विक्की त्यागी को भी मौत के घाट उतार दिया था।
जेल से बाहर आते ही फिर शुरू हुआ खूनी खेल
मृतक विवेक मलिक दिसंबर 2024 में ही जेल से बाहर आए थे और आगामी ग्राम प्रधान चुनाव की तैयारी में जुटे थे। उनकी पत्नी बबली भी पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुकी हैं। वर्तमान में विवेक के दोनों बेटे सागर और सौरभ जेल में बंद हैं। विवेक की मौत के बाद उनकी पत्नी बबली ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि उनके पति की हत्या सोची-समझी साजिश है और पुलिस को जल्द से जल्द सभी हत्यारों को सलाखों के पीछे भेजना चाहिए।
पुलिस प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बागपत में हुए इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के बाद शामली पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बहावड़ी गांव में किसी भी संभावित हिंसक टकराव को रोकने के लिए पीएसी और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पकड़े गए हमलावर से पूछताछ कर रही है ताकि फरार साथियों और इस हत्याकांड के पीछे के मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शामली के वरिष्ठ पत्रकार श्री दीपक शर्मा वर्ष 2022 से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक निष्ठावान और कर्मठ स्तंभ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आपने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में की थी और 'सत्यभाष', 'दैनिक प्रभात', 'क्राइम न्यूज़ और नेटवर्क 10' जैसे संस्थानों में कार्य करते हुए ज़मीनी रिपोर्टिंग के गहरे अनुभव हासिल किए।
पिछले 4 वर्षों से रॉयल बुलेटिन के साथ जुड़े दीपक शर्मा वर्तमान में जिला प्रभारी (शामली) का दायित्व संभाल रहे हैं। जिले की राजनीतिक नब्ज और सामाजिक मुद्दों पर उनकी पकड़ बेजोड़ है। शामली जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 8273275027 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां