मुजफ्फरनगर में खामनेई की शहादत पर फूटा गुस्सा: हजारों शिया महिलाओं और बच्चों ने काले कपड़े पहन निकाला शोक जुलूस
मुजफ्फरनगर: ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत के बाद मुजफ्फरनगर जनपद में शिया समुदाय का भारी आक्रोश देखने को मिला। रविवार को खालापार क्षेत्र की सड़कों पर गम और गुस्से का ऐसा सैलाब उमड़ा कि चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात करना पड़ा। हजारों की संख्या में शिया समुदाय की महिलाएं, बच्चे और नौजवान काले लिबास पहनकर सड़कों पर उतरे और हाथों में खामेनेई के पोस्टर लेकर रोते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
ज़ालिम के आगे नहीं झुकेगा सर: नसीम अहमद जैदी
कार्यक्रम के आयोजक अधिवक्ता नसीम अहमद जैदी ने इस मौके पर भावुक होते हुए कहा कि हमारे रहबर आयतुल्ला अली सैयद खामेनेई साहब ने पूरी दुनिया में ज़ुल्म के खिलाफ आवाज़ उठाई थी, जिसे दबाने के लिए ज़ालिमों ने बमबारी कर उन्हें शहीद कर दिया। उन्होंने कहा, "खामेनेई साहब ने अपनी शहादत से पहले ही वसीयत की थी कि इमाम हुसैन के रास्ते पर हमेशा चलते रहना है। उन्होंने अमेरिका और इजरायल द्वारा फिलिस्तीन में स्कूली बच्चों पर की जा रही बमबारी और मासूमों के कत्लेआम के खिलाफ सीना तानकर टक्कर ली थी। हमें उनकी शहादत पर फख्र है कि उन्होंने जान दे दी पर ज़ालिम के सामने सर नहीं झुकाया।"
ड्रोन से निगरानी और भारी पुलिस बल का पहरा
तनावपूर्ण स्थिति और भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए जुलूस के हर कोने पर नजर रखी जा रही थी, तो वहीं जमीन पर आलाधिकारियों ने भारी पुलिस फोर्स के साथ मोर्चा संभाला हुआ था। जुलूस खालापार से शुरू होकर फक्करशाह चौक पर पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग
एडीएम प्रशासन संजय कुमार ने ज्ञापन लेने के बाद बताया कि शिया समुदाय ने पूर्व अनुमति लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना रोष प्रकट किया है। राष्ट्रपति महोदय को संबोधित ज्ञापन में मांग की गई है कि मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) में हो रही निर्दोषों की हत्याओं को तत्काल रुकवाया जाए और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति के लिए हस्तक्षेप किया जाए।
मुजफ्फरनगर का यह शोक जुलूस न केवल एक धार्मिक नेता के प्रति अकीदत थी, बल्कि इजरायल और अमेरिका की सैन्य कार्रवाइयों के खिलाफ एक कड़ा विरोध संदेश भी था। पूरे क्षेत्र में स्थिति अभी शांतिपूर्ण है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां