मुरादाबाद: भाजपा कार्यकारिणी गठन में उम्र और नियम बने चुनौती, पर्यवेक्षक की निगरानी में मंथन तेज
मुरादाबाद में भारतीय जनता पार्टी की नई जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर संगठन के भीतर हलचल तेज हो गई है। इस बार पार्टी के सख्त नियमों के चलते दावेदारों के लिए राह आसान नहीं दिख रही है। खासतौर पर उम्र सीमा और महिलाओं की भागीदारी से जुड़े मानकों ने कई नेताओं की उम्मीदों पर असर डाला है।
पार्टी के निर्धारित नियमों के अनुसार, नई कार्यकारिणी में 30 से 50 वर्ष आयु वर्ग के कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही 21 पदाधिकारियों की टीम में कम से कम 7 महिलाओं को शामिल करना अनिवार्य किया गया है। ऐसे में पुराने और वरिष्ठ दावेदारों के सामने चुनौती खड़ी हो गई है, जबकि युवा कार्यकर्ताओं के लिए यह अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
जिला अध्यक्ष गिरीश भंडूला के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन नियमों का पालन करते हुए संतुलित और मजबूत टीम तैयार करने की है। संगठन के भीतर यह सवाल भी उठ रहा है कि वह अपने समर्थकों और अनुभवी नेताओं के बीच किस तरह संतुलन बनाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, कार्यकारिणी में जगह बनाने को लेकर पार्टी नेताओं के बीच खींचतान भी देखने को मिल रही है। कई दावेदार अपने-अपने समर्थकों को शामिल कराने के लिए सक्रिय हैं, जिससे अंदरूनी राजनीति भी तेज हो गई है।
इस पूरे प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए पार्टी हाईकमान ने वरिष्ठ नेता और पर्यवेक्षक विजय बहादुर पाठक को मुरादाबाद में तैनात किया है। वह पिछले कुछ दिनों से जिले में डेरा डाले हुए हैं और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से लगातार बातचीत कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पर्यवेक्षक विजय बहादुर पाठक सोमवार को लखनऊ के लिए रवाना होंगे। उनके फीडबैक और रिपोर्ट के आधार पर ही कार्यकारिणी की अंतिम सूची पर मुहर लगाई जाएगी। इसके बाद जल्द ही नई टीम की आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है।
फिलहाल मुरादाबाद भाजपा संगठन में नए चेहरे और संतुलित प्रतिनिधित्व को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि नियमों के दायरे में रहकर जिला अध्यक्ष अपनी टीम को किस तरह अंतिम रूप देते हैं और किन-किन चेहरों को मौका मिलता है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां