दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर किसानों का फूटा गुस्सा, मुज़फ्फरनगर के बिराल में अनिश्चितकालीन धरना शुरू
खेतों के बीच खड़े बिजली के टावर और अंडरपास में जलभराव बनी बड़ी मुसीबत; समाधान न होने तक हटने से इनकार
मुजफ्फरनगर। बुढाना तहसील क्षेत्र के गांव बिराल में सोमवार सुबह दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (आर्थिक गलियारे) के निर्माण से प्रभावित किसानों का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। हाईवे निर्माण से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी समस्याओं का धरातल पर समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
प्रदर्शनकारी किसानों का मुख्य आरोप है कि कॉरिडोर के निर्माण के दौरान उनके खेतों के बीच खड़े भारी-भरकम बिजली के टावरों को हटाने या शिफ्ट करने का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। इन टावरों की वजह से खेतों में जुताई, बुवाई और फसल कटाई के समय भारी मशीनरी ले जाने में खासी दिक्कतें आ रही हैं। किसानों का कहना है कि प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद टावरों को स्थानांतरित करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे उनकी खेती-बाड़ी प्रभावित हो रही है।
अंडरपास बना मुसीबत, आवागमन ठप
ग्रामीणों ने अंडरपास की खराब इंजीनियरिंग पर भी सवाल उठाए। किसानों ने बताया कि सड़क के नीचे जो भूमिगत मार्ग (अंडरपास) बनाए गए हैं, उनमें जलभराव की समस्या बनी हुई है। पानी की निकासी का उचित प्रबंध न होने के कारण अंडरपास तालाब में तब्दील हो जाते हैं, जिससे किसानों और पशुओं का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। धरने पर बैठे ग्रामीणों का कहना है कि विकास के नाम पर उनकी मूलभूत सुविधाओं की बलि दी जा रही है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर आकर निरीक्षण करें और समस्याओं का निस्तारण करें, अन्यथा आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय मौहम्मद शाहनवाज मुज़फ्फरनगर के एक प्रतिष्ठित और विश्वसनीय पत्रकार हैं। वर्तमान में आप राष्ट्रीय सहारा के जिला प्रभारी (मुज़फ्फरनगर) के रूप में कार्यरत हैं और साथ ही उत्तर प्रदेश के प्रमुख मीडिया संस्थान रॉयल बुलेटिन में संवाद सहयोगी की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डेढ़ दशक के लंबे अनुभव के साथ मौ. शाहनवाज ने अपनी प्रखर लेखनी से राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर गहरी छाप छोड़ी है। उनसे मोबाइल नंबर 9058673434 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियां