शामली के बाजारों में भारी हंगामा: अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम के सामने धरने पर बैठे व्यापारी, चेयरमैन-EO के खिलाफ नारेबाजी
शामली। शहर के बाजारों में सोमवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब नगर पालिका की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए सड़कों पर उतरी। प्रशासन की इस कार्रवाई का दुकानदारों और व्यापारियों ने पुरजोर विरोध किया। हालात इतने बिगड़ गए कि व्यापारी सड़कों पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए, जिससे बाजारों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
सब्जी मंडी से शुरू हुई कार्रवाई, बाजारों में हुआ टकराव
नगर पालिका टीम ने अभियान की शुरुआत सब्जी मंडी से की, जहां सड़क पर रखे गए सामान को जब्त किया गया। अधिकारियों का कहना था कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा, जिससे आम जनता को निकलने में भारी परेशानी हो रही है। लेकिन जैसे ही टीम मुख्य बाजार में कपड़ा, गारमेंट्स और किराना दुकानों के बाहर पहुंची, व्यापारियों का धैर्य जवाब दे गया।
"होली-ईद के सीजन में उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं"
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना है कि आगामी होली और ईद के त्योहारों को लेकर बाजारों में रौनक लौटी है। दुकानों को सजाने के लिए थोड़ा सामान बाहर रखना पड़ता है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन पिछले एक महीने से कभी निर्माण तो कभी अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहा है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से उनका व्यापार पूरी तरह चौपट हो रहा है।
चेयरमैन और EO को मौके पर बुलाने की मांग
नारेबाजी कर रहे व्यापारियों की मांग थी कि नगर पालिका चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी (EO) स्वयं मौके पर आएं और स्पष्ट करें कि त्यौहारी सीजन में यह अभियान क्यों चलाया जा रहा है। व्यापारियों के हंगामे के कारण राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने शांत कराया मामला
हंगामे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित व्यापारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और रास्ता खुलवाया। हालांकि, व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें इसी तरह परेशान किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शामली के वरिष्ठ पत्रकार श्री दीपक शर्मा वर्ष 2022 से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक निष्ठावान और कर्मठ स्तंभ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आपने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में की थी और 'सत्यभाष', 'दैनिक प्रभात', 'क्राइम न्यूज़ और नेटवर्क 10' जैसे संस्थानों में कार्य करते हुए ज़मीनी रिपोर्टिंग के गहरे अनुभव हासिल किए।
पिछले 4 वर्षों से रॉयल बुलेटिन के साथ जुड़े दीपक शर्मा वर्तमान में जिला प्रभारी (शामली) का दायित्व संभाल रहे हैं। जिले की राजनीतिक नब्ज और सामाजिक मुद्दों पर उनकी पकड़ बेजोड़ है। शामली जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 8273275027 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां