मुजफ्फरनगर में शादी समारोह में लाखों की चोरी, पुलिस में मामला दर्ज
जयमाला के दौरान डेकोरेशन स्टाफ और कलाकारों पर लगा जेवर चोरी का आरोप

मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित एक बारात घर में खुशियों का माहौल उस समय मातम और आक्रोश में बदल गया, जब जयमाला कार्यक्रम के दौरान लाखों रुपये के कीमती जेवरात चोरी हो गए। पीड़ित पिता ने समारोह में काम करने वाले डेकोरेशन ठेकेदार और अन्य कलाकारों पर चोरी का संदेह जताते हुए नई मंडी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बिहारी निवासी प्रेमचंद की पुत्री रक्षा का विवाह 10 मार्च 2026 की रात जानसठ रोड स्थित 'ग्रीन फार्म हाउस' में आयोजित था। शादी की रस्में चल रही थीं, तभी रात करीब दो बजे जयमाला के दौरान वर पक्ष द्वारा दी गई 'बरी' (उपहार) से गहने गायब मिले। चोरी गए सामान में सोने के हार, टीके, मंगलसूत्र, सोने के कंगन और चांदी के आभूषण शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत कई लाख रुपये बताई जा रही है।
कलाकारों के फरार होने से गहराया शक
दुल्हन के परिजनों का कहना है कि उन्हें डेकोरेशन ठेकेदार प्रियांशु (निवासी बिलासपुर), जोकर का अभिनय करने वाले सनी रावत, और फूल बरसाने वाली युवतियों रिया, सीमा, अंजलि और शगुन पर सीधा शक है। परिजनों के अनुसार, चोरी की घटना के तुरंत बाद ये सभी लोग अपना पारिश्रमिक (नेग) लिए बिना ही अचानक कार्यक्रम स्थल से गायब हो गए। इतनी जल्दी बिना पैसे लिए चले जाना इस पूरी साजिश की ओर इशारा करता है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले
नई मंडी थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएचओ इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा ने बताया कि बारात घर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही संदिग्धों को हिरासत में लेकर चोरी हुए जेवरात बरामद कर लिए जाएंगे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां