टीएमयू दीक्षांत समारोह में जेपी नड्डा को मानद डी.लिट., 6 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिली डिग्रियां
मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) के दीक्षांत समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान उन्हें और मशहूर लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी को मानद डी.लिट. की उपाधि से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के हजारों छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं।
समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान मंच पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, मंत्री गुलाब देवी, बलदेव सिंह औलख, टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन, जीवीसी मनीष जैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें मुरादाबाद में नगर निगम का चला'हंटर': टैक्स बकायादार दुकानों-प्रतिष्ठानों पर जड़े ताले, मचा हड़कंपकार्यक्रम में कुल 6,041 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इसके अलावा 36 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई। वहीं मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए 108 गोल्ड, 105 सिल्वर और 98 ब्रॉन्ज मेडल भी प्रदान किए गए।
समारोह के दौरान टीएमयू के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन ने विश्वविद्यालय की भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में जल्द ही कैंसर अस्पताल की स्थापना की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि टीएमयू को जल्द ही पूरी तरह पेपरलेस यूनिवर्सिटी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है, जहां प्रवेश से लेकर डिग्री प्राप्त करने तक सभी प्रक्रियाएं डिजिटल होंगी।
मुख्य अतिथि जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में टीएमयू को देश की उत्कृष्ट विश्वविद्यालयों में से एक बताते हुए कहा कि शिक्षा, चिकित्सा और नवाचार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यहां 17 हजार से अधिक विद्यार्थी और 150 से अधिक विषयों में पढ़ाई हो रही है, जिनमें बड़ी संख्या मेडिकल और उससे जुड़े क्षेत्रों की है। एक ही परिसर में बहुविषयक शिक्षा उपलब्ध कराना बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने छात्रों को सेमीकंडक्टर, एआई, इंफ्रास्ट्रक्चर और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। नड्डा ने कहा कि युवाओं को बदलाव का इंतजार करने के बजाय खुद बदलाव का नेतृत्व करना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य में शिक्षा और रोजगार के अवसरों को लगातार बढ़ाया जा रहा है। वहीं वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने उच्च शिक्षा में नवाचार और तकनीक के समावेश पर जोर देते हुए कहा कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का होगा, इसलिए छात्रों को नई तकनीकों को अपनाना चाहिए।
टीएमयू के कुलाधिपति सुरेश जैन ने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेहनत करने वालों के लिए रास्ते खुद बन जाते हैं और मंजिलें उनका इंतजार करती हैं।
समारोह के दौरान पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने भी अपने गीतों से माहौल को ऊर्जावान बना दिया। उन्होंने छात्रों और अतिथियों के अनुरोध पर कुछ लोकप्रिय लोकगीतों की पंक्तियां भी गुनगुनाईं, जिससे समारोह में उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पूर्व विजिटर अरविंद गोयल, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, शहर विधायक रितेश गुप्ता, एमएलसी हरी सिंह ढिल्लों, विधायक रामवीर सिंह, मेयर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों को शॉल, स्मृति चिन्ह और बुके देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां