शामली में 'जहरीला' हुआ कुट्टू का आटा, टिटौली की युवती समेत दो दर्जन से अधिक लोग बीमार
व्रत के बाद बिगड़ी अक्षा की हालत, जिला अस्पताल में भर्ती, मिलावटी आटे से जनपद में फूड पॉइजनिंग का फैला खौफ

शामली। जनपद में शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर व्रत रखना श्रद्धा के साथ-साथ अब सेहत के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है। कुट्टू का आटा खाने से लोगों के बीमार होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला थाना क्षेत्र के गांव टिटौली का है, जहां कुट्टू के आटे का सेवन करने से एक युवती की हालत गंभीर रूप से बिगड़ गई, जिसे आनन-फानन में जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव टिटौली निवासी अक्षा ने सोमवार की रात व्रत के चलते कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ियों का सेवन किया था। सेवन के कुछ ही देर बाद उसे तेज पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। घबराए परिजनों ने पहले गांव के ही निजी चिकित्सक से उपचार कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर मंगलवार सुबह उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकों ने युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत भर्ती कर उपचार शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
अब तक 24 से ज्यादा लोग हुए शिकार
हैरानी की बात यह है कि जनपद में यह कोई पहला मामला नहीं है। नवरात्र शुरू होने के बाद से अब तक शहर और देहात क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक लोग कुट्टू के आटे से होने वाली फूड पॉइजनिंग का शिकार हो चुके हैं। बीमार लोगों का उपचार शहर के विभिन्न निजी और सरकारी अस्पतालों में चल रहा है। लगातार बढ़ती मरीजों की संख्या ने खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।
मिलावटखोरी का अंदेशा, रहें सतर्क
चिकित्सकों का कहना है कि पुराना या फफूंद लगा कुट्टू का आटा पीसने से वह जहरीला हो जाता है, जिससे सेवन करने वाले व्यक्ति को चक्कर आना, उल्टी और घबराहट जैसी समस्याएं होती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खरीदते समय उसकी शुद्धता और पैकिंग की जांच अवश्य करें। यदि सेवन के बाद थोड़ी भी बेचैनी महसूस हो, तो तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।
ये भी पढ़ें शामली: जयंत चौधरी को मिली धमकी पर आर्य जाट महासभा में उबाल; सुरक्षा घेरा मजबूत करने की उठाई मांग
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शामली के वरिष्ठ पत्रकार श्री दीपक शर्मा वर्ष 2022 से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक निष्ठावान और कर्मठ स्तंभ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आपने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में की थी और 'सत्यभाष', 'दैनिक प्रभात', 'क्राइम न्यूज़ और नेटवर्क 10' जैसे संस्थानों में कार्य करते हुए ज़मीनी रिपोर्टिंग के गहरे अनुभव हासिल किए।
पिछले 4 वर्षों से रॉयल बुलेटिन के साथ जुड़े दीपक शर्मा वर्तमान में जिला प्रभारी (शामली) का दायित्व संभाल रहे हैं। जिले की राजनीतिक नब्ज और सामाजिक मुद्दों पर उनकी पकड़ बेजोड़ है। शामली जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 8273275027 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां