शामली के व्यापारियों का फर्रुखाबाद पुलिस की कार्यशैली पर उबाल, फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग
चौकी इंचार्ज पर लगा उत्पीड़न का आरोप, मुख्यमंत्री के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
शामली। जनपद फर्रुखाबाद में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापारियों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमों और कथित उत्पीड़न को लेकर शामली के व्यापारियों में कड़ा आक्रोश है। बुधवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। व्यापारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि फर्जी मुकदमे वापस न हुए और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई न हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
संगठन के जिलाध्यक्ष विशाल गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि फर्रुखाबाद के थाना मऊ दरवाजा अंतर्गत चौकी बजरिया के इंचार्ज पर व्यापारियों के उत्पीड़न के गंभीर आरोप हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष व नगर युवा अध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव ने इस संबंध में एसपी फर्रुखाबाद को शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में जब व्यापारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से 'मशाल जुलूस' निकाला, तो पुलिस ने दमनकारी नीति अपनाते हुए अंकुर श्रीवास्तव सहित 15 नामजद और 7 अज्ञात व्यापारियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया।
पुलिस की दबिश से व्यापारियों में भय और गुस्सा
व्यापारियों का आरोप है कि मुकदमे दर्ज करने के बाद पुलिस अब व्यापारियों के घरों पर दबिश दे रही है, जिससे व्यापारिक समाज में असुरक्षा का माहौल है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने वाले व्यापारियों पर दर्ज ये "फर्जी" मुकदमे तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएं।
दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सत्ता का दुरुपयोग कर व्यापारियों को प्रताड़ित करने वाले चौकी इंचार्ज व अन्य दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान मानव गुप्ता, संजीव मलिक, कुणाल कौशल, आशीष कुमार सहित दर्जनों व्यापारी नेता मौजूद रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां