नोएडा में 'रोजगार महोत्सव': प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने 1790 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र
सैमसंग, यामाहा और एचडीएफसी समेत 113 नामी कंपनियों ने किया चयन
नोएडा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत बुधवार को जनपद गौतमबुद्धनगर के युवाओं के लिए खुशियों भरा दिन रहा। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन में आयोजित भव्य 'रोजगार महोत्सव-2026' में रिकॉर्ड 1790 युवाओं का चयन किया गया। जनपद के प्रभारी मंत्री व लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे, जिसके बाद युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि इस रोजगार मेले में कुल 4911 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। कड़े साक्षात्कार और योग्यता परीक्षण के बाद 1790 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। चयनित होने वालों में डिप्लोमा, बीटेक, बीबीए, एमबीए और फार्मेसी सहित विभिन्न स्नातक व स्नातकोत्तर डिग्री धारक शामिल हैं।
प्रतिष्ठित कंपनियों ने दी नौकरियां
रोजगार मेले में कॉर्पोरेट जगत की नामी कंपनियों का जमावड़ा रहा। आर्य फैशन, यामाहा, सैमसंग, डेंसो, जूबिलेंट फूड और मदरसन जैसी दिग्गज मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के अलावा बैंकिंग सेक्टर से एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक सहित 113 से अधिक कंपनियों ने युवाओं को आकर्षक पैकेज पर नौकरियां प्रदान कीं।
सरकार युवाओं के द्वार: प्रभारी मंत्री
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज का युवा आत्मनिर्भर बन रहा है। ये रोजगार मेले केवल नौकरी देने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देने का मंच हैं। इस दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर और एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने भी युवाओं को निरंतर कौशल विकास पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
महोत्सव के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला पंचायत सदस्य देवा भाटी, एडीएम बच्चू सिंह, प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, चेयरमैन सुनील जिंदल, सीईओ डॉ. पूर्णिमा शर्मा और हेड प्लेसमेंट ऑफिसर नितिन गौड़ सहित उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां