यूपी: होली पर गांवों में नहीं दिखेगी गंदगी, सीएम योगी के विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश
2 से 4 मार्च तक समस्त ग्राम पंचायतों में चलेगा अभियान
लखनऊ। रंगों के पावन पर्व होली को देखते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता और जन-स्वास्थ्य को लेकर कमर कस ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों में 2 से 4 मार्च तक व्यापक स्वच्छता और सैनिटाइजेशन अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ मच्छर जनित बीमारियों पर लगाम लगाना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश में स्पष्ट किया है कि इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जनपदों के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी व्यक्तिगत रूप से इस सफाई अभियान की निगरानी करेंगे। उत्सव के दौरान और उसके बाद भी कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। योगी ने अपने विशेष संदेश में कहा कि त्योहार की खुशी तभी सार्थक है जब हमारा परिवेश स्वच्छ और स्वस्थ हो। प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी इस अभियान को सफल बनाने में अनिवार्य है।
फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव पर जोर
अभियान के तहत केवल कूड़ा उठाना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। खासतौर से स्नान स्थलों यानी नदियों के घाटों, तालाबों, अमृत सरोवरों और सार्वजनिक स्नान स्थलों की विशेष सफाई और रंगाई-पुताई की जाएगी। वहीं होलिकोत्सव के बाद जमा होने वाले कचरे को 'रूरल रिसोर्स सेंटर' पर एकत्र कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में सघन फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव किया जाएगा।
जल निकासी के लिए स्थायी समाधान
पंचायतीराज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी जलभराव की समस्या है, वहां स्थायी रूप से जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। इससे न केवल गंदगी दूर होगी, बल्कि मच्छरों के पनपने के स्रोतों को भी खत्म किया जा सकेगा।
पंचायतों को मिली जिम्मेदारी
सभी जिला पंचायतीराज अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय ग्राम पंचायतों के माध्यम से घाटों की मरम्मत और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें। सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में होली का उल्लास बिना किसी बीमारी या अव्यवस्था के मनाया जा सके।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां