अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा प्रहार: छापेमारी को बताया 'सरकारी डकैती', बोले- 2027 भी नहीं पार कर पाएगी सरकार
बोले- संकट के समय छापा डालना भाजपा की हृदयहीनता का प्रमाण; कहा- अब उनका परंपरागत वोटबैंक भी छिटक चुका है
लखनऊ/दिल्ली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए छापेमारी की कार्रवाई को 'सरकारी डकैती' करार दिया है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा की एजेंसियां वहां पहुंच जाती हैं जहां धन-दौलत होने की संभावना होती है। उन्होंने भाजपा को 'हृदयहीन' बताते हुए कहा कि वे व्यक्ति के सबसे मुश्किल दौर में उसे टारगेट करते हैं, ताकि कोई विरोध न कर सके।
मुश्किल दौर में 'अवसर' तलाशती है भाजपा
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि भाजपाई यह भी नहीं देखते कि कोई व्यक्ति किसी अति गंभीर बीमारी से जूझ रहा है या किसी परेशानी में है। उन्होंने आरोप लगाया कि धन के लालची भाजपाई ऐसी 'आपदा' के समय 'अवसर' तलाशते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपाई पीड़ित को उत्पीड़ित करने का कुकृत्य कर रहे हैं। अखिलेश ने कहा, "2047 की बात करने वाले जानते हैं कि उनका 2027 भी पार नहीं होगा। लखनऊ हो या दिल्ली, कोई भी सत्ताइस के पार नहीं जाएगा, इसीलिए ये पैसे बटोरने में लग गए हैं।"
'भाजपा किसी की भी सगी नहीं'
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज भाजपा के परंपरागत वोटर भी उनसे छिटक गए हैं। उन्होंने शंकराचार्य जी के अपमान, जीएसटी, भ्रष्टाचार और बेतहाशा उगाही का जिक्र करते हुए कहा कि कारोबारी समाज से लेकर सत्ता के साथ खड़े सजातीय समाज तक, सब भाजपा को नकार रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा, "अब तो भाजपाई भी हमारी बात दोहरा रहे हैं कि भाजपा किसी की भी सगी नहीं है।"
'दिल्ली के षड्यंत्र का होगा पर्दाफाश'
अखिलेश ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि किसी के गंभीर हालातों में छापेमारी को किसी भी दृष्टि से जायज नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि इसके पीछे दिल्ली के षड्यंत्र का एक न एक दिन पर्दाफाश होकर रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कभी झूठे मुकदमे लगवाकर तो कभी संकट के समय जानबूझकर छापे पड़वाकर लोगों को दुख देती है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि आज भाजपा के अंदर के लोग भी समझ रहे हैं कि जिनकी प्रवृत्ति डसने-काटने की होती है, उन्हें पालने-पोसने का क्या हश्र होता है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
यह 'रॉयल बुलेटिन' न्यूज़ नेटवर्क का आधिकारिक संपादकीय डेस्क (Editorial Desk) है। यहाँ से मुज़फ्फरनगर, नोएडा और देशभर के हमारे विस्तृत रिपोर्टिंग नेटवर्क से प्राप्त समाचारों को प्रमाणित और संपादित करने के बाद पाठकों तक पहुँचाया जाता है। हमारी डेस्क टीम 24x7 सक्रिय रहती है ताकि आप तक सबसे सटीक, विश्वसनीय और निष्पक्ष खबरें बिना किसी देरी के पहुँच सकें। न्यूज़ रूम से संबंधित सूचनाओं और प्रेस विज्ञप्ति के लिए आप हमें news@royalbulletin.in पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां