मेरठ: स्कूल में जहरीली गोलियां खाने से दो छात्राओं की हालत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
मेरठ। जनपद के थाना इंचौली क्षेत्र के एक गांव में कक्षा 7 में पढ़ने वाली दो सहेलियों द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक (अनाज में रखने वाली पेस्टीसाइड) गोलियों का सेवन करने का मामला सामने आया है। गोलियों के सेवन के बाद दोनों छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं। आनन-फानन में स्कूल प्रशासन ने परिजनों को सूचित किया और दोनों को मोदीपुरम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं एक ही गांव की रहने वाली हैं और उनके घर आमने-सामने हैं। मंगलवार को दोनों छात्राएं रोजाना की तरह एक साथ स्कूल पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में ही दोनों ने अनाज को सुरक्षित रखने वाली जहरीली गोलियों का सेवन कर लिया। घटना से कुछ समय पहले छात्राओं ने अपनी सहेलियों से इन गोलियों के इस्तेमाल के बारे में सामान्य पूछताछ भी की थी, जिसे उस समय किसी ने गंभीरता से नहीं लिया।
स्कूल के प्रधानाध्यापक ने बताया कि दोनों छात्राएं पढ़ाई में काफी होशियार हैं। स्कूल में किसी भी छात्र या शिक्षक के साथ उनकी कोई अनबन नहीं हुई थी। वहीं, परिजनों का भी कहना है कि घर पर भी स्थिति सामान्य थी; छात्राओं को न तो किसी बात पर डांटा गया था और न ही उन पर पढ़ाई या किसी अन्य चीज़ का दबाव था। अचानक हुई इस घटना से परिजन और स्कूल स्टाफ दोनों ही हैरान हैं।
कारणों की तलाश में जुटा प्रशासन
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छात्राओं ने अनजाने में या किस वजह से इन जहरीली गोलियों का सेवन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रशासन जांच कर रहा है ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। हालांकि, सीओ सदर देहात सुधीर सिंह का कहना है कि अभी तक उनके पास इस मामले की आधिकारिक शिकायत या जानकारी नहीं पहुंची है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के अभिभावकों और शिक्षकों में बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां