सुलतानपुर में विवादित बयान देने वाले सीएमएस डॉ. भास्कर प्रसाद निलंबित, योगी सरकार पर अमर्यादित टिप्पणी का आरोप
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में "अर्थी निकालना है तो सरकार की निकालो, योगी की निकालिए। सीएमएस और सीएमओ की क्यों।" शनिवार को ये विवादित बयान देने वाले सौ बेड वाले बिरसिंहपुर अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. भास्कर प्रसाद को राज्यपाल के निर्देश पर निलम्बित कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) अमित कुमार घोष ने इस संदर्भ में निलंबन पत्र जारी किया है। वहीं जयसिंहपुर कोतवाली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंडल अध्यक्ष की तहरीर पर डॉ. भास्कर प्रसाद पर मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
निलम्बन आदेश में स्पष्ट निर्देश हैं कि उन्होंने प्रदेश सरकार के सम्बन्ध में अमर्यादित भाषा एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किया। इसके अलावा चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को बाहर से दवाएं लिखने का भी गंभीर आराेप है। ऐसे में उन्हें निलंबित करके एडी अयोध्या ऑफिस से सम्बद्ध किया गया है।
उधर, भाजपा विधायक राज प्रसाद उपाध्याय की सख्ती के बाद जयसिंहपुर कोतवाली में प्रभारी सीएमएस पर केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता भाजपा मंडल अध्यक्ष शोभनाथ यादव की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कुछ राजनीतिक दलों के लोग बिरसिंहपुर अस्पताल गए थे। वहां उन्होंने डॉक्टरों की अनुपस्थिति और दवाओं की कमी जैसी गड़बड़ियों को लेकर सीएमएस डाॅ. भास्कर प्रसाद से सवाल किए थे।
मंडल अध्यक्ष के अनुसार, जब शिकायतकर्ताओं ने सीएमओ और सीएमएस के खिलाफ शिकायत करने और उनके लापता होने के पोस्टर लगाकर पुतला फूंकने की बात कही, तो सीएमएस डाॅ. भास्कर प्रसाद ने कथित तौर पर कहा कि वे सीएमओ और उनका पुतला न फूंकें, बल्कि मुख्यमंत्री और सरकार का पुतला फूंकें। उन पर सार्वजनिक रूप से सरकार और मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने के लिए लोगों को उकसाने का आरोप है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि सीएमएस ने सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ कुछ अपशब्द भी कहे, जो धीमी आवाज में होने के कारण वीडियो में रिकॉर्ड नहीं हो पाए। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस घटना से उनका और पार्टी कार्यकर्ताओं का मन खिन्न है और क्षेत्र में आम जनता में भी आक्रोश है।
शोभनाथ यादव ने अपनी शिकायत में कहा कि किसी प्रशासनिक पद पर रहते हुए इस प्रकार का कार्य निंदनीय है और यह कार्य निष्ठा के प्रति अनुशासनहीनता तथा घोर लापरवाही है। उन्होंने सीएमएस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद यह एफआईआर दर्ज की गई। इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
यह है पूरा मामला
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता वंशराज दुबे अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार से अस्पताल में प्रदर्शन कर रहे थे। शनिवार को प्रभारी सीएमएस डॉ. भास्कर प्रसाद उनसे वार्ता करने पहुंचे थे। जहां उन्होंने आआपा नेताओं के साथ मांगाें काे लेकर चल रही बातचीत के दाैरान प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की थी। इसके बाद रविवार को एडी अयोध्या ने अस्पताल पहुंच कर जांच की थी।
