मेरठ में शिक्षक की मौत पर भाकियू ने मुआवजा मांगा, पुल की हालत को बताया जिम्मेदार

मेरठ। भोला झाल से टिकरी रजवाहे के पुल पर गिरकर शिक्षक मधुर दीक्षित की मौत के मामले में भाकियू ने उनके परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने इसके लिए जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग को जिम्मेदार ठहराया है।
जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा, हम पुल चौड़ीकरण करने और बराबर में दीवार बनाने की कई बार मांग कर चुके हैं। पूर्व में अधिकारियों को मौके पर इसकी जर्जर हालत भी दिखा चुके हैं। इसके बाद भी पुल की हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है।
भारतीय किसान यूनियन मेरठ जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने भोला झाल टिकरी रजवाहे पुल पर पहुंचे। उससे पहले भाकियू जिलाध्यक्ष मृतक मधुर दीक्षित के परिजनों से भी मिले। जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि हम कई बार जिलाधिकारी, सिंचाई विभाग को इस पुल को चौड़ा करने की मांग कर चुके हैं। पुल की टूट चुकी दीवार को बनाने की मांग कर चुके हैं।
इस मामले को कई बार किसान दिवस में लिखित रूप में दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि शिक्षक मधुर दीक्षित की मृत्यु के जिम्मेदार जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग है। मृतक मधुर दीक्षित के परिवारजनों को उचित मुआवजा और जल्द इसे चौड़ा करने और तत्काल दीवार कराने की मांग की गई है।