रमजान मुबारक : अकीदत और रूहानियत के माहौल में अदा हुई पहले जुमा की नमाज
मेरठ। जिले में रमजान के पाक महीने के पहले जुमा में मुस्लिमों ने अकीदत और रूहानियत के माहौल में नमाज अदा की। रमजान के पहले जुमा पर सुबह से मस्जिदों, बाजारों और मोहल्लों में रौनक देखने को मिली। मुस्लिम बाहुल्य इलाके में जुमे की नमाज को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। बता दें रमजान का हर दिन अहम माना जाता है। रमजान में पड़ने वाला जुमा की फिजा कुछ और ही होती है। दूसरे रोजे पर पड़े इस जुमा में बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में रोजा रखा और इबादत के साथ नमाज अदा की।
मस्जिदों में उमड़ी भारी भीड़
दोपहर को जुमा की नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। अकीदतमंदों से मस्जिदें भर गईं और लोगों को बाहर भी सफें लगानी पड़ी। प्रमुख मस्जिदों में मौलानाओं ने जुमा की नमाज अदा कराई। जुमा की नमाज से पहले कुरान की तिलावत, तस्बीह और जिक्र-अजकार से पूरा माहौल रूहानी हो गया। नमाजियों की सफेद कुर्ता-पायजामा और टोपी पहने कतारें बेहद आकर्षक लग रही थीं। एक साथ सैकड़ों लोगों का सजदे में झुकना हर किसी के लिए भावुक कर देने वाला नजारा था।
जुमा की नमाज से दिया खास पैगाम
जुमा की नमाज के बाद मौलाना ने रमजान की अहमियत के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि “रमजान सब्र, तकवा और खुदा की रजा हासिल करने का पाक महीना है। रमजान के पहले जुमा में खास बरकत होती है। हमें अधिक से अधिक इबादत कर अल्लाह से अपनी मगफिरत की दुआ करनी चाहिए। इस बार रमजान में पांच जुमा पड़ रहे हैं। जो रमजान के माह में इबादत और सवाब कमाने का सुनहरा मौका दे रहे हैं। नमाज के बाद सैकड़ों हाथ दुआ के लिए उठे और लोगों ने मुल्क के साथ ही अपने परिवारों की सलामती, तरक्की, अमन और शांति के लिए दुआ मांगी।
बाजारों में इफ्तार की रौनक
जुमा की नमाज के बाद बाजारों में रौनक नजर आई। इफ्तार की तैयारी को लेकर फलों और जरूरी सामान की दुकानों पर रोजेदारों की भारी भीड़ रही। फल विक्रेताओं के पास रोजेदारों की लंबी कतारें लगी रहीं। रोजेदारों ने बताया कि रमजान का पहला जुमा बेहद खास होता है। जुमा को मस्जिद में जो सुकून मिला, वह बयां नहीं किया जा सकता। सबने अपने मुल्क, घर की खुशहाली के लिए दुआ की है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां