मुरादाबाद में जीएसटी चोरी का बड़ा खुलासा, 9.46 करोड़ की टैक्स चोरी में दो पर मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद में राज्यकर (जीएसटी) विभाग की कार्रवाई के दौरान टैक्स चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। विभागीय जांच में करीब 9 करोड़ 46 लाख रुपये से अधिक की जीएसटी चोरी का खुलासा हुआ है। बोगस फर्म बनाकर और फर्जी लेनदेन दिखाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का गलत लाभ लेने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्रदेश सरकार के निर्देश पर राज्यकर विभाग की ओर से टैक्स चोरी और बोगस फर्मों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुरादाबाद में विभाग ने जांच के दौरान दो बड़े मामलों का खुलासा किया है। दोनों मामलों में करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी और सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार प्रमुख सचिव और प्रदेश आयुक्त के निर्देश पर मंडल में राज्यकर विभाग की टीम सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है। कमिश्नर एस. अनिल कुमार सिंह और कमिश्नर ग्रेड-2 (एसआईबी) आर.पी. सेठ के निर्देशन में लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी थाना मझोला क्षेत्र में दिल्ली और कन्नौज के दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
पहले मामले में राज्यकर खंड-3 के उपायुक्त विपिन तिवारी की ओर से थाना कटघर में तहरीर दी गई। शिकायत में बताया गया कि कटघर क्षेत्र के अंबेडकर नगर, प्रभात मार्केट गोविंद नगर स्थित नमन इंटरप्राइजेज के संचालक सत्येंद्र पर फर्जी खरीद-फरोख्त दिखाकर जीएसटी चोरी करने का आरोप है। जांच में सामने आया कि बिना किसी वास्तविक व्यापार के केवल कागजों में लेनदेन दिखाकर आरोपी ने करीब 9 करोड़ 46 लाख 39 हजार 496 रुपये की कर चोरी की है।
विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि पूरा कारोबार केवल कागजी दस्तावेजों के आधार पर चलाया जा रहा था, जबकि वास्तविक रूप से किसी प्रकार की खरीद-बिक्री नहीं हुई। फर्जी बिलों और लेनदेन के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया।
दूसरे मामले में राज्यकर विभाग के प्रधान सहायक अवनीत कुमार की ओर से भी थाना कटघर में तहरीर दी गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि कटघर क्षेत्र के कस्बा गली नंबर-1 निवासी मुहम्मद फराज ने साजिश के तहत कई जीएसटी फर्में बनाकर बोगस इनवर्ड सप्लाई दिखाई और आईटीसी का अनुचित लाभ लिया। जांच में सामने आया कि कागजों में लेनदेन दिखाया गया, जबकि विभाग में किसी प्रकार का टैक्स जमा नहीं कराया गया।
कटघर थाना पुलिस ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार राज्यकर विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत जीएसटी चोरी और बोगस फर्मों के जरिए होने वाले फर्जीवाड़े पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए एक विशेष एसआईटी भी गठित की गई है, जो ऐसे मामलों की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जीएसटी चोरी के मामलों में अब तक आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आने वाले दिनों में इस तरह के और मामलों के खुलासे की संभावना है और टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां