मुरादाबाद: प्लाट पर कब्जे की साजिश में महिला चौकीदार की गोली मारकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
मुरादाबाद के मझोला क्षेत्र में प्लाट पर कब्जे की नियत से महिला चौकीदार नन्हीं की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार शाम करीब सात बजे की है, जब नन्हीं इफ्तारी के बाद प्लाट में बने आवास के बाहर चूल्हे के पास बैठी थीं। इसी दौरान दो शूटर प्लाट में घुस आए और बातचीत के बहाने पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक हमलावर ने नन्हीं के गले पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उनके पौत्र मोहम्मद आशिक, धेवते हसन और धेवती सायरीन भी पास में मौजूद थे।
बेटे ने पीछा कर एक शूटर को पकड़ा, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
गोली की आवाज सुनते ही मृतका का बेटा महबूब और बेटी गुलशन मौके पर पहुंचे। महबूब ने भाग रहे एक शूटर का पीछा कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने का दावा किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्लाट पर कब्जे को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त प्लाट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। महिला नन्हीं अपने परिवार के साथ प्लाट पर रह रही थीं, जिससे दूसरा पक्ष कब्जा नहीं कर पा रहा था। इसी कारण महिला की हत्या कर प्लाट खाली कराने की साजिश रची गई। पुलिस के अनुसार इस प्लाट को लेकर करीब 15 वर्षों से विवाद चल रहा था।
सुपारी देकर हत्या कराने की आशंका, पुलिस कर रही गहन पूछताछ
पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या सुपारी देकर कराई गई है। आरोपियों को हत्या के लिए हथियार उपलब्ध कराया गया था। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की साजिश किसने रची और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बच्चों के सामने हुई वारदात से क्षेत्र में दहशत, जल्द खुलासे का दावा
घटना के समय मौजूद बच्चों ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने पहले नन्हीं से इफ्तारी के बारे में पूछा और फिर अचानक गोली मार दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे षड्यंत्र का खुलासा कर सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां