सहारनपुर में प्रदूषण फैलाने वाली राकेश केमिकल फैक्टरी सील, डीएम के आदेश पर बड़ी कार्रवाई

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में स्थित राकेश केमिकल्स फैक्टरी को प्रदूषण नियंत्रण मानकों का उल्लंघन करने पर सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर की गई।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. योगेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान यह फैक्टरी बिना किसी ट्रीटमेंट के अपशिष्ट जल को बहा रही थी, साथ ही वायु में भी हानिकारक गैसें उत्सर्जित कर रही थी। यह न केवल जल स्रोतों को प्रदूषित कर रहा था, बल्कि आसपास के पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहा था।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया था। जांच में पुष्टि हुई कि फैक्टरी लंबे समय से नियमों की अनदेखी कर रही है। पूर्व में दिए गए चेतावनी आदेशों के बावजूद, फैक्टरी प्रबंधन ने आवश्यक सुधार नहीं किए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, प्रशासन ने फैक्टरी के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी और उसे सील कर दिया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह के मामलों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।