परम्पराओं के साथ त्यौहारों को मनाते हुए गंगा-जमुनी संस्कृति को करें साकार: मनीष
सहारनपुर। जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने आगामी त्यौहारों होली एवं ईद को शान्ति एवं सौहार्द पूर्ण ढंग से मनाये जाने के लिये होलिका सुरक्षा समिति, जुलूस आयोजको, धर्मगुरुओं एवं पीस कमेटी के पदाधिकारियों, संभ्रान्त नागरिकों एवं जिला प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की एवं गणमान्य व्यक्तियों से सुझाव मांगे गये।
कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि त्यौहारों में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाये रखते हुये शान्तिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाया जाए ताकि जनपद में गंगा-जमुनी तहजीब बरकरार रहे। उन्होंने उपस्थित उप जिला मजिस्ट्रेट्स, पुलिस उपाधीक्षकों को निर्देशित करते हुये कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर होलिका स्थापना के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर लें ताकि यदि कहीं विवाद की स्थिति हो तो उसे आपस में लोगों के साथ आपसी समन्वय एवं समझा-बुझा कर समस्या का निस्तारण कर दिया जाय। उन्होंने कहा कि होली के दृष्टिगत शान्ति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति पर निगरानी रखने हेतु विभिन्न क्षेत्रो में मजिस्ट्रेट्स और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि डीजे पर किसी भी स्थिति में अश्लील और भड़काऊ गाने न बजें। मानक के अनुसार निर्धारित डेसीबल में ही डीजे बजाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि थाना स्तर पर भी बैठकें आयोजित की जाए।
मनीष बंसल ने कहा कि सभी एसडीएम एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी विभागीय अधिकारियों के साथ अन्तर्विभागीय बैठक कर त्यौहारों पर बिजली, पानी, सफाई की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। सभी धर्मों के अनुयायी परंपरागत ढंग से त्यौहार मनाए, किसी को नई परंपरा डालने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि जहरीली एवं अवैध शराब के विक्रय, भण्डारण व दुकानों पर छापेमारी की जाए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि ऑवरस्पीड वाहन न चलाएं। स्टंट न करें। दूसरों को नुकसान पंहुचाने वाली गतिविधियों परहेज करें। नियमों का अनुपालन करते हुए परम्पराओं के साथ सकुशलता पूर्वक त्यौहार मनाएं। उन्होंने होलिका दहन पूर्व निर्धारित स्थान पर ही करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया, ट्वीटर, व्हाट्सप, फेसबुक, इंस्ट्राग्राम पर भ्रामक खबरें प्रेषित न की जाएं।
फूड सेफ्टी आफिसर को निर्देशित किया गया कि त्यौहारों के दृष्टिगत खोवा, मिठाई, नमकीन, तेल, मसालों व अन्य खाद्य पदार्थाे में मिलावट रोकने के लिये टीमें बनाकर दुकानों पर निरीक्षण किया जाए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि होलिका दहन के आस-पास एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के दृष्टिगत जीर्ण-शीर्ण लटकने वाले तारों एवं ट्रांसफार्मर खराब होने पर तुरंत बदलने के निर्देश दिये।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने कहा कि शरारती तत्वों अथवा अनाधिकृत रूप से त्यौहार में खलल डालने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। होलिका दहन के लिए होलिका दहन समिति बनाई जाए जिसमें अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हों। दुर्घटना, जाम आदि की स्थिति न रहे। गांव मंे होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कोई अश्लीलता न हो।
शांति समिति की बैठक में होलिका दहन के स्थान और संवेदनशील स्थानों आदि के सबंध में सीओ एवं थानाध्यक्षो से वार्ता की गई। सभी थानाध्यक्षों ने बताया कि होली स्थापना को लेकर उनके क्षेत्र में किसी प्रकार का विवाद नहीं है। सभी संभ्रांत व्यक्तियों ने विश्वास दिलाया कि यह शहर अमन और शांति का शहर है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था संबंधी शिकायत पुलिस एवं प्रशासन को प्राप्त नहीं हेागी। बैठक में गणमान्य व्यक्तियों के सुझावों का संज्ञान लेकर निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर अपरजिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अपरजिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राम आसरे वर्मा, एसपी सिटी व्योम बिंदल, सहित सभी एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, विद्युत, लोनिवि, नगर निकाय, अभिसूचना एवं सरफराज खान, आमिर खान, शहर काजी नदीम अख्तर, नागरिक सुरक्षा के चीफ वार्डन राजेश जैन, जयनाथ शर्मा, महेन्द्र तनेजा, किरणजीत सिंह, शीतल टंडन, ब्रित चावला, दलजीत सिंह कोचर, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा कश्मीर सिंह समेत सर्वधर्म के संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौरव सिंघल सहारनपुर के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो पिछले 18 वर्षों (2007 से) से मीडिया जगत में सक्रिय हैं। पत्रकारिता की बारीकियां उन्होंने विरासत में अपने पिता के मार्गदर्शन में 'अमर उजाला' और 'हिन्दुस्तान' जैसे संस्थानों से सीखीं।
अपने लंबे करियर में उन्होंने इंडिया टुडे (फोटो जर्नलिस्ट), शुक्रवार, इतवार, दैनिक संवाद और यूपी बुलेटिन जैसे दर्जनों प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में अपनी सेवाएं दीं। लेखनी के साथ-साथ कुशल फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में अनुभव प्राप्त करने के बाद, वर्तमान में गौरव सिंघल सहारनपुर से 'रॉयल बुलेटिन' के साथ जुड़कर अपनी निष्पक्ष और गहरी रिपोर्टिंग से संस्थान को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

टिप्पणियां