सहारनपुर में रिसेप्शन पार्टी की खुशियां मातम में बदलीं, हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से व्यक्ति की मौत
सहारनपुर। थाना मंडी क्षेत्र में एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। समारोह के दौरान चली गोली एक व्यक्ति को जा लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद से शादी वाले घर में कोहराम मच गया और उत्सव का माहौल गम में बदल गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह स्वयं भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। थाना मंडी पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है और फायरिंग करने वाले व्यक्ति की शिनाख्त की जा रही है।
एसएसपी अभिनन्दन सिंह ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन कर दिया है। एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि हर्ष फायरिंग जैसी जानलेवा लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो नजीर बने। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होगा।
फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समारोह में मौजूद वीडियो फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर हर्ष फायरिंग पर लगे प्रतिबंध और इससे होने वाले जानमाल के नुकसान की ओर ध्यान खींचा है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौरव सिंघल सहारनपुर के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो पिछले 18 वर्षों (2007 से) से मीडिया जगत में सक्रिय हैं। पत्रकारिता की बारीकियां उन्होंने विरासत में अपने पिता के मार्गदर्शन में 'अमर उजाला' और 'हिन्दुस्तान' जैसे संस्थानों से सीखीं।
अपने लंबे करियर में उन्होंने इंडिया टुडे (फोटो जर्नलिस्ट), शुक्रवार, इतवार, दैनिक संवाद और यूपी बुलेटिन जैसे दर्जनों प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में अपनी सेवाएं दीं। लेखनी के साथ-साथ कुशल फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में अनुभव प्राप्त करने के बाद, वर्तमान में गौरव सिंघल सहारनपुर से 'रॉयल बुलेटिन' के साथ जुड़कर अपनी निष्पक्ष और गहरी रिपोर्टिंग से संस्थान को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

टिप्पणियां