"न कर्फ्यू, न दंगा, यूपी में सब चंगा"; मुख्यमंत्री ने गिनाईं सात साल की उपलब्धियां, राम मंदिर और सुशासन का दिया हवाला
यूपी 'उपद्रव प्रदेश' से 'उत्सव प्रदेश' बन चुका है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश ने 'फियर जोन' (भय के क्षेत्र) से 'फेथ जोन' (विश्वास के क्षेत्र) तक का सफल सफर तय किया है। सदन में विपक्ष के आचरण पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रमुख का सम्मान करना लोकतंत्र की मर्यादा है, लेकिन विपक्ष की नकारात्मक सोच ने इसे कलंकित किया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए एक नया नारा दिया— “न कर्फ्यू है, न दंगा है, बल्कि यूपी में सब चंगा है।” उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में एक भी सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले प्रदेश में 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' जैसा माहौल था और गुंडा टैक्स वसूलना आम बात थी, लेकिन आज राज्य में 'जीरो टॉलरेंस' नीति का राज है।
टेक्नोलॉजी और ट्रस्ट का नया मॉडल
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश को 'टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन' का नया केंद्र बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश आज एआई (AI) और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में नई दिशा तय कर रहा है और यूपी भी उसी रास्ते पर निवेश और नवाचार का केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस राज्य बनने की ओर अग्रसर है।
ये भी पढ़ें भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, महिला समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौतविरासत के साथ विकास की नई पहचान
विरासत पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का कायाकल्प और प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों का पुनरुद्धार केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रचेतना के प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए हमेशा आस्था स्थलों का अपमान किया। मुख्यमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव स्मारक, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा और महाकुंभ के सफल आयोजन को सुशासन और सुरक्षा पर जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण बताया।
सशक्त पुलिस और आधुनिक सुरक्षा तंत्र
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा के मोर्चे पर आंकड़े पेश करते हुए बताया कि:
-
पुलिस भर्ती: पिछले वर्षों में 2.19 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती हुई।
-
महिला सशक्तिकरण: महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 10 हजार से बढ़कर 44 हजार से अधिक हो गई है (20% आरक्षण का परिणाम)।
-
आधुनिकता: 7 पुलिस कमिश्नरेट, 12 अत्याधुनिक फॉरेंसिक लैब और सभी 75 जिलों में फॉरेंसिक वैन की व्यवस्था की गई है।
-
महिला बटालियन: तीन नई महिला बटालियन— वीरांगना झलकारी बाई, अवंती बाई और ऊदा देवी का गठन किया गया है।
अंत में सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश अब अराजकता की पहचान छोड़कर विकास, निवेश और आत्मविश्वास के नए युग में प्रवेश कर चुका है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां