मुजफ्फरनगर पहुंचे ऊर्जा मंत्री, जगदगुरु रामभद्राचार्य के बयान का किया समर्थन, बोले- पश्चिम उत्तर प्रदेश में आ रहा बदलाव

सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि जगदगुरु रामभद्राचार्य बहुत विद्वान व्यक्ति हैं और उन्होंने पश्चिम उत्तर प्रदेश की वर्तमान स्थिति को लेकर जो बयान दिया है, वह सही और सटीक है। उन्होंने कहा कि यहां बदलाव आ रहा है और यह बदलाव आवश्यक भी है।
मंत्री तोमर शनिवार को मुजफ्फरनगर स्थित जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे थे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू किए गए मिशन शक्ति के पांचवें चरण का वीसी के माध्यम से उद्घाटन किया गया। इस दौरान उन्होंने मिशन शक्ति और महिलाओं के लिए 33% आरक्षण की सराहना की। उन्होंने बताया कि 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश में महिलाओं की भागीदारी लगभग ढाई गुना बढ़ी है।
तोमर ने कहा, "हमारी संस्कृति में नारी शक्ति को देवी का दर्जा दिया गया है। जहां नारी की पूजा होती है वहां देवता का निवास होता है। जगदगुरु रामभद्राचार्य जी विद्वान हैं और समाज को सही दिशा देने का काम कर रहे हैं। उनकी मानसिकता और दृष्टिकोण समाज के लिए मार्गदर्शक है।"