गिफ्ट सिटी से खुला ग्लोबल निवेश का रास्ता, अब भारतीय निवेशक 30 अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कर सकेंगे इन्वेस्टमेंट

अहमदाबाद। भारतीय निवेशकों के लिए अब दुनिया के बड़े शेयर बाजारों तक पहुंच बेहद आसान हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गांधीनगर में विकसित गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक (जीआईएफटी) यानी गिफ्ट सिटी ने एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज के माध्यम से एक नया ग्लोबल इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म पेश किया है। एनएसई आईएक्स के एमडी और सीईओ वी बालासुब्रमण्यम ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि ये गिफ्ट सिटी राज्य के लिए और देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए अब भारतीय रिटेल निवेशक और एनआरआई दुनिया के करीब 30 ग्लोबल बाजारों में इक्विटी में निवेश कर सकेंगे। यह पहल भारत को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि यहां 'फ्रैक्शनल इन्वेस्टिंग' की सुविधा मिलने से निवेशक अब गूगल या एप्पल जैसी बड़ी कंपनियों के महंगे शेयरों का छोटा हिस्सा भी खरीद पाएंगे। उन्होंने बताया कि गिफ्ट सिटी के माध्यम से निवेशकों को एक मोबाइल ऐप उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे ऐप स्टोर या प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इस ऐप के जरिए निवेशक मात्र 30 से 40 सेकंड में अपना अकाउंट खोल सकेंगे। इसके बाद उन्हें गिफ्ट सिटी में स्थित एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज के बैंक खाते में पैसा ट्रांसफर करना होगा, जिसके तुरंत बाद उनकी स्क्रीन पर उपलब्ध 'बायिंग पावर' दिखाई देगी और वे अंतरराष्ट्रीय शेयरों में निवेश शुरू कर सकेंगे। वी बालासुब्रमण्यम ने स्पष्ट किया कि यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से रेगुलेटेड और पारदर्शी होगी। यह निवेश भारतीय रिजर्व बैंक की लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम (एलआरएस) के तहत किया जाएगा, जिसके तहत एक निवेशक सालाना 2.5 लाख डॉलर तक विदेश में निवेश कर सकता है। इससे भारतीय निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में ग्लोबल डायवर्सिफिकेशन का मौका मिलेगा, जो अब तक सीमित था।
ये भी पढ़ें भोपाल में कई बड़े संस्थानों को बम धमाकों से दहलाने की धमकी से मचा हड़कंप, जांच में फर्जी निकली
उन्होंने बताया कि एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज का 'ग्लोबल एक्सेस' प्लेटफॉर्म एक इंफ्रास्ट्रक्चर और एग्रीगेटर के रूप में काम करेगा, जो निवेशकों को विदेशी बाजारों से जोड़ने का काम करेगा। उन्होंने आगे कहा कि पहले देश के निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टमेंट के लिए दुबई, सिंगापुर और मॉरीशस जैसे देशों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें ये सुविधा गिफ्ट सिटी में मिल रही है। फिलहाल यहां यूएस-लिस्टेड स्टॉक तक एक्सेस शुरू किया गया है और जल्द ही यूके व जापान समेत कुछ यूरोपीय मार्केट को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, निवेशक कर्तव्य सोनी ने बताया कि यह फ्रैक्शनलाइज्ड इन्वेस्टमेंट है, यानी आपको एप्पल का पूरा शेयर खरीदने के लिए 250 डॉलर खर्च करने की जरूरत नहीं है; आप एलआरएस या आरबीआई निर्धारित सीमा के भीतर 5 या 10 डॉलर जैसे छोटे अमाउंट से भी निवेश कर सकते हैं। ऐसे में, गिफ्ट सिटी के जरिए शुरू की गई गुजरात सरकार की एनएसई आईएक्स पहल न केवल भारतीय निवेशकों को बेहद आसान तरीके से ग्लोबल इन्वेस्टमेंट मार्केट से जोड़ रही है, बल्कि भारत को एक मजबूत अंतर्राष्ट्रीय फाइनेंशियल हब बनाने में भी अहम योगदान दे रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां