नोएडा । मौज-मस्ती और नशे की लत को पूरी करने के लिए सड़क किनारे खड़ी लग्ज़री कारों के टायर चोरी करने वाले एक गैंग के दो बदमाशों को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से पुलिस ने विभिन्न जगहों से चोरी किए हुए कारों के टायर, 5 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड व एक पासपोर्ट आदि बरामद किया है।
थाना सेक्टर- 20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि एक सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने भूपेंद्र पुत्र विजेंद्र सिंह निवासी सेक्टर-52 तथा सतीश कुमार पुत्र निहाल सिंह निवासी गाजियाबाद को गंगा अपार्टमेंट के पीछे बने नाले के पास से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके पास से 5 हजार रुपए नकद, एक आधार कार्ड, एक पासपोर्ट तथा विभिन्न कारों के चोरी किए हुए 9 टायर बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इसकी गिरफ्तारी सेक्टर-29 के पास से हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वे लोग नशे के आदी हैं। अपने नशे की लत को पूरी करने तथा मौज-मस्ती करने के लिए सड़क किनारे व सेक्टरों में खड़ी लग्जरी कारों के टायर चोरी करते हैं। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने थाना सेक्टर-24 नोएडा क्षेत्र में एक घर के बाहर खड़ी ब्रेजा कार के चारों टायर खोलकर चोरी कर लिये थे। चोरी किये गये टायरों को उन्होंने राह चलते ओला/उबर वाहन चालकों को औने-पौने दामों में बेच दिया था तथा प्राप्त धनराशि को आपस में बांटकर अपने शौक एवं मौज-मस्ती में खर्च कर दिया।
अभियुक्तों द्वारा यह भी बताया गया कि सेक्टर-29 में एक घर के बाहर खड़ी बलेनो कार का एक टायर चोरी किया था।इसके अलावा घरों में भी चोरी की वारदात करते हैं। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने सेक्टर 20 में खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर बैटरी चोरी करनी स्वीकार की है। इसके अलावा इन बदमाशों ने विनायक अस्पताल के पास खड़े एक व्यक्ति को अपने झांसे में लेकर उससे नकदी, सोने की अंगूठी आदि चोरी कर ली थी। उन्होंने बताया कि अभियुक्त भूपेन्द्र के खिलाफ विभिन्न थानों में 11 मुकदमे दर्ज है। बदमाशों के अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में विस्तार से जानकारी की जा रही है।
टिप्पणियां