नीतीश कुमार का बड़ा बयान: बिहार अब कभी अराजक दौर में नहीं लौटेगा, 2005 से बदला राज्य का चेहरा

नीतीश ने याद दिलाया पुराना बिहार

कानून का राज स्थापित किया
नीतीश कुमार ने बताया कि जब 2005 में उनकी सरकार बनी, तो सबसे पहला कदम था - कानून का राज स्थापित करना। उन्होंने कहा, “हमने विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपराध एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई।” मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बिहार में भय नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और शांति का माहौल है। पुलिस प्रशासन को आधुनिक बनाया गया है और हर जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
बदला बिहार पुलिस का चेहरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2005 में बिहार में केवल 817 थाने थे, जिन्हें बढ़ाकर अब 1380 से अधिक कर दिया गया है। थानों के लिए आधुनिक भवन बनाए गए हैं। पुलिस के पास अब पर्याप्त वाहन, अत्याधुनिक हथियार और तकनीकी उपकरण हैं। उन्होंने कहा कि “2005 में पुलिस बल की संख्या मात्र 42,481 थी, जिसे हमारी सरकार ने बढ़ाकर आज 1.25 लाख से भी ज्यादा कर दिया है।” इसके साथ ही विशेष आग्जिलरी पुलिस (SAP) का गठन किया गया और नई भर्ती प्रक्रिया तेज की गई है।
दो लाख से अधिक नए पदों पर बहाली जारी
नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने यह तय किया है कि पुलिस बल की संख्या को और बढ़ाना है। इसके लिए 2 लाख 29 हजार से अधिक पदों का सृजन किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि बिहार में किसी भी नागरिक को भय का वातावरण महसूस न हो। कानून का राज कायम रहेगा, और किसी को भी अपराध करने की छूट नहीं दी जाएगी।”
आज बिहार विकास के पथ पर है
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 वह वर्ष था जब बिहार ने खुद तय किया कि अब उसे विकास के पथ पर ही बढ़ना है। “न्याय के साथ विकास” के नारे पर चलते हुए राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि “आज युवा वर्ग को नौकरी और रोजगार मिल रहा है, बहन-बेटियां सुरक्षित हैं और उद्योग बढ़ रहे हैं। अब बिहारी कहलाना अपमान नहीं, बल्कि सम्मान की बात है।
सुशासन का बिहार बना विकास का प्रतीक
नीतीश कुमार ने अंत में कहा कि बिहार अब अराजकता और भय के प्रतीक के रूप में नहीं, बल्कि सुशासन और विकास के प्रतीक के रूप में पहचाना जाता है। “राज्य में भाईचारा, प्रेम और समानता का वातावरण है। यह वही बिहार है जो कभी अंधकार में था, और अब उजाले की राह पर अग्रसर है,” मुख्यमंत्री ने कहा।
