हरियाणा: 'यमराज' बनकर दौड़ा बेकाबू कैंटर, सात को रौंदा, तीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत
बहादुरगढ़ में बाईपास तक मचाया मौत का तांडव, पिलरों के बीच वाहन फंसाकर चालक हुआ फरार

बहादुरगढ़ (झज्जर)। जनपद के बहादुरगढ़ में सोमवार की दोपहर दिल्ली-रोहतक रोड पर आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार कैंटर ने देखते ही देखते सात लोगों को रौंद डाला। इस भीषण हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित चार अन्य लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। आरोपी चालक वारदात के बाद कैंटर को फ्लाईओवर के पिलरों के बीच फंसा छोड़कर भाग गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त एक अनियंत्रित कैंटर बेहद तेज गति से मामा चौक की ओर आया। सबसे पहले इसकी चपेट में सड़क पार कर रहे दो पैदल युवक आए। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों के शरीर क्षत-विक्षत हो गए। मृतकों की पहचान बिहार के छपरा निवासी अशोक (32) और शंभू (22) के रूप में हुई है। दो लोगों को कुचलने के बाद क्ंटर चालक ने मानवीयता दिखाने के बजाय वाहन की गति और बढ़ा दी और पकड़े जाने के डर से उसने कैंटर को बाईपास की ओर मोड़ा, जहाँ उसने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी, जिसमें बाइक सवार योगेंद्र (30) निवासी कानोंदा की जान चली गई। यही नहीं 'मौत के सौदागर' बने कैंटर ने एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी, जिसमें सवार प्रेम (महिला), उनके पति कृष्ण और चालक जयवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैंटर को फ्लाईओवर के पिलरों में फंसाकर चालक फरार
पुलिस के अनुसार, ऑटो को टक्कर मारने के बाद चालक ने कैंटर को नजफगढ़ फ्लाईओवर की ओर भगाने का प्रयास किया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। बेकाबू कैंटर फ्लाईओवर के नीचे बने दो पिलरों के बीच जाकर बुरी तरह फंस गया। रास्ता बंद देख चालक वाहन वहीं छोड़कर रफूचक्कर हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर क्रेन की मदद से वाहन को निकालने का प्रयास शुरू किया।
अस्पताल में कोहराम, पीजीआई रेफर
इस दर्दनाक हादसे के घायलों को तुरंत बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। घायल महिला प्रेम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर मालिक का पता लगा लिया है और फरार चालक के खिलाफ हत्या की कोशिश व लापरवाही की धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश तेज कर दी है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां