मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत मुजफ्फरनगर में निशुल्क कोचिंग के लिए विषय-विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित

मुजफ्फरनगर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अब विद्यार्थियों के लिए और आसान हो जाएगी। जनपद में सिविल सेवा, जेईई और नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग कक्षाओं की शुरुआत हो रही है।
सत्र 2025-26 के लिए इन कोचिंग कक्षाओं में विद्यार्थियों को पढ़ाने और मार्गदर्शन देने हेतु योग्य विषय-विशेषज्ञों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक शिक्षक एवं अनुभवी प्रवक्ता अपने शैक्षिक और अनुभव संबंधी प्रमाण-पत्रों के साथ 10 सितम्बर 2025, शाम 5 बजे तक जिला समाज कल्याण अधिकारी, मुजफ्फरनगर के कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
मानदेय व चयन प्रक्रिया प्रवक्ताओं को प्रत्येक 90 मिनट के व्याख्यान के लिए ₹2000 मानदेय दिया जाएगा। चयन विशेषज्ञ चयन समिति की अनुशंसा और ट्रायल लेक्चर के बाद किया जाएगा।
कौन कर सकते हैं आवेदन?
सिविल सेवा के लिए विश्वविद्यालय/राजकीय डिग्री कॉलेजों के शिक्षक। वे अभ्यर्थी जिन्होंने आई.ए.एस. मुख्य परीक्षा, पी.सी.एस. (साक्षात्कार) या कम से कम दो बार पी.सी.एस. (मुख्य परीक्षा) दी हो। सीसैट (हिन्दी/अंग्रेजी) के लिए संबंधित विषय में परास्नातक उपाधि एवं 3 वर्ष का अध्यापन अनुभव होना आवश्यक है।
सिविल सेवा हेतु विषयों की सूची
इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, विज्ञान एवं तकनीकि, सीसैट (हिन्दी, अंग्रेजी, गणित), अंतर्राष्ट्रीय संबंध, भारतीय राजव्यवस्था, पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन, करेन्ट अफेयर्स, नीतिशास्त्र और समाज।
इच्छुक उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए कोर्स को-ऑर्डिनेटर श्री उपेन्द्र पाण्डेय से मोबाइल नम्बर 9452405715 पर सम्पर्क कर सकते हैं।