मुजफ्फरनगरः मंडी में व्यापारियों की समस्याओं पर हुई अहम बैठक, जीएसटी और मंडी व्यवस्थाओं पर दिए गए निर्देश
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को नवीन मंडी स्थल स्थित मंडी समिति सभागार में व्यापारियों की समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडी समिति के सभापति एवं नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने की।
इस दौरान मंडी सचिव वीरेंद्र चंदेल, जीएसटी विभाग के आयुक्त प्रशासन शोभित श्रीवास्तव तथा एसी सेक्टर-1 प्रतिभा सिंह सहित दी गुड़ खांडसारी एंड ग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मित्तल ने मंडी से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे अधिकारियों के सामने रखे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद से मंडी समिति नवीन मंडी स्थल के व्यापारियों से किराये पर जीएसटी वसूल रही है, लेकिन व्यापारियों को इनपुट टैक्स क्रेडिट आईटीसी का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में कई बार मंडी समिति को पत्र भी भेजे गए, लेकिन जीएसटी को पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया। इस पर मंडी सचिव ने आश्वासन दिया कि जिन व्यापारियों के जीएसटी नंबर सही पाए जाएंगे, उन्हें आईटीसी का लाभ दिलाया जाएगा।
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगर में भाजपा को बड़ा झटका, दो बार के पूर्व विधायक के बेटे समाजवादी पार्टी में हुए शामिल
संजय मित्तल ने यह मुद्दा भी उठाया कि यदि किसी बिल में व्यापारी द्वारा वाहन नंबर या दिनांक गलती से गलत दर्ज हो जाता है और वाहन पकड़ा जाता है, तो जीएसटी अधिकारी पूरे टैक्स के बराबर राशि जमा कराकर माल छोड़ते हैं, जबकि नियमों के अनुसार इस प्रकार की गलती पर 2000 रुपये का जुर्माना लेकर माल छोड़ा जा सकता है। इस पर जीएसटी आयुक्त ने कहा कि इस संबंध में अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं और दोबारा भी आदेश जारी किए जाएंगे।
इसके अलावा खाद्य तेलों पर लगने वाले यूजर चार्ज को लेकर भी चर्चा हुई। बताया गया कि मुख्यमंत्री द्वारा 170वीं बैठक में कुछ शर्तों के साथ इस यूजर चार्ज को समाप्त कर दिया गया था, लेकिन अभी तक इसका आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर निर्णय लिया गया कि जिलाधिकारी की संस्तुति के साथ संबंधित पत्र लखनऊ भेजा जाएगा।
अनाज मंडी में फड़ों के निर्माण का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। इस पर मंडी सभापति पंकज प्रकाश राठौर ने मौके पर ही डीडीसी मंडी सहारनपुर से फोन पर वार्ता की। डीडीसी ने बताया कि फड़ों का एस्टीमेट तैयार हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
बैठक में संजय मित्तल, हरिशंकर तायल, मनमोहन मूंधड़ा, सुरेंद्र बंसल, श्याम सिंह सैनी, नितिन संगल, अनुज सिंघल, नितिन सिंघल, विवेक गर्ग, सत्यप्रकाश, अंकित गर्ग सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां