शामली में नदी संरक्षण और वृक्षारोपण पर जिलाधिकारी सख्त, लापरवाही बरतने वाले पांच नगर निकायों को कारण बताओ नोटिस
शामली। जिले के नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति और जिला वृक्षारोपण समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण और नदियों की स्वच्छता को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान "एक जनपद-एक नदी" योजना के तहत खोखरी नदी के पुनरुद्धार पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से खोखरी नदी को ही इस योजना के अंतर्गत पूर्ववत चयनित रखने का निर्णय लिया गया ताकि इसके संरक्षण कार्य को निरंतरता मिल सके।
शहरी निकायों द्वारा जल उपचार और जल गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने भारी नाराजगी व्यक्त की। जल नमूनों के परीक्षण और उपचार से संबंधित सरकारी प्रावधानों का पालन न करने पर झिंझाना, कैराना, शामली, एलम तथा गढ़ीपुख्ता नगर निकायों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जल गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वृक्षारोपण समिति की बैठक में पिछले वर्षों के कार्यों की पारदर्शिता जांचने पर बल दिया गया। जिलाधिकारी ने वर्ष 2020 से 2023 तक किए गए वृक्षारोपण की 'थर्ड पार्टी मॉनिटरिंग' के आदेश दिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से अभिलेख और आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके साथ ही वन विभाग को नवीन कलेक्ट्रेट परिसर में सघन वृक्षारोपण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी जगदेव सिंह सहित लोक निर्माण विभाग, उद्योग विभाग, सिंचाई विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पंचायती राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय सुदृढ़ करने का निर्देश दिया ताकि जिले के हरित आवरण और सहायक नदियों की स्थिति में सुधार लाया जा सके।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शामली के वरिष्ठ पत्रकार श्री दीपक शर्मा वर्ष 2022 से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक निष्ठावान और कर्मठ स्तंभ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। आपने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2007 में की थी और 'सत्यभाष', 'दैनिक प्रभात', 'क्राइम न्यूज़ और नेटवर्क 10' जैसे संस्थानों में कार्य करते हुए ज़मीनी रिपोर्टिंग के गहरे अनुभव हासिल किए।
पिछले 4 वर्षों से रॉयल बुलेटिन के साथ जुड़े दीपक शर्मा वर्तमान में जिला प्रभारी (शामली) का दायित्व संभाल रहे हैं। जिले की राजनीतिक नब्ज और सामाजिक मुद्दों पर उनकी पकड़ बेजोड़ है। शामली जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 8273275027 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां