अमरोहा में आवारा कुत्तों का आतंक, बुजुर्ग महिला पर किया हमला
अमरोहा। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर के मोहल्ला अफगानान में कुत्तों के झुंड ने एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और लोग घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला मोहल्ले में किसी काम से जा रही थीं, तभी अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। कुत्तों ने महिला के पैर पर कई जगह काट लिया, जिससे उन्हें गहरी चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्तों को भगाकर महिला को बचाया। बाद में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मोहल्ले में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है और कई बार नगर पालिका से शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
इसी समस्या को लेकर स्थानीय चित्रकार जुहेब खान ने लोगों को जागरूक करने के लिए एक अनोखी पहल की है। उन्होंने मोहल्ले की दीवार पर चेतावनी चित्र बनाकर लोगों को आवारा कुत्तों से सावधान रहने का संदेश दिया है। इस चित्र के माध्यम से उन्होंने प्रशासन और आम लोगों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करने की कोशिश की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों द्वारा बच्चों और बुजुर्गों पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में नगर पालिका को जल्द ही अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने और इस समस्या का स्थायी समाधान करने की जरूरत है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां