गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खेली फूलों की होली, भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा में हुए शामिल, प्रह्लाद की आरती उतारी
व्यापारियों को दी सौगात, कहा- सबको सुरक्षा का अहसास ही रामराज्य की अवधारणा
गोरखपुर। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर के पांडेयहाता में आयोजित 'भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा' में शिरकत की। उन्होने कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच जनता पर पुष्पवर्षा कर होली खेली और भक्त प्रह्लाद की आरती उतारी। उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए स्पष्ट किया कि सबको सुरक्षा का अहसास कराना ही 'रामराज्य' की असली अवधारणा है।
सीएम योगी सोमवार शाम पांडेयहाता में होलिकादहन उत्सव समिति की ओर से आयोजित भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। होलिकादहन के दिन शोभायात्रा का शुभारंभ करने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया में उपद्रव, अराजकता और अव्यवस्था है। लेकिन हम भारतवासी गर्व कर सकते हैं कि पीएम मोदी के रूप में यशस्वी नेतृत्व देश को नई बुलंदी देते हुए नए भारत का दर्शन करा रहा है। नया भारत हर व्यक्ति, हर तबके को अवसर देकर उत्सव का वातावरण देता है। उन्होंने पिछली सरकारों पर प्रहार करते हुए कहा कि पहले यूपी में पर्वों से पहले कर्फ्यू लगता था, लेकिन आज का उत्तर प्रदेश भयमुक्त और दंगा मुक्त होकर 'उत्सव प्रदेश' बन चुका है।
"अराजकता और माफियागिरी हिरण्यकश्यप जैसी"
होलिका दहन और भक्त प्रह्लाद की कथा का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान नृसिंह ने हिरण्यकश्यप का वध कर धर्म की स्थापना की थी, उसी तरह आज की अराजकता, गुंडागर्दी और माफियागिरी भी हिरण्यकश्यप' का ही रूप हैं। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि लातों के भूत बातों से नहीं मानते। उन्होंने कहा कि समाज की सुरक्षा के लिए अधर्म और असत्य का अंत अनिवार्य है।
व्यापारियों को दी सौगात:बनेगा नया कॉम्प्लेक्स
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के 'विरासत गलियारे' के विकास पर चर्चा करते हुए व्यापारियों को आश्वस्त किया, कि गोरखपुर का पांडेयहाता क्षेत्र प्रदेश का सबसे खूबसूरत कॉरिडोर बनेगा । उन्होंने घोषणा की कि गलियारा निर्माण से प्रभावित दुकानदारों को घंटाघर के बंधु सिंह पार्क में दुकानें दी जा रही हैं। शेष दुकानदारों के लिए डायट के पास एक आधुनिक व्यापारिक कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा, जिसके लिए धन आवंटित हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह गलियारा पहले से तीन गुना अधिक चौड़ा और फसाड लाइटों से सुसज्जित होगा, जिससे व्यापार को नई गति मिलेगी।
विदेशी भी रह जाते हैं हैरान
सीएम योगी ने कहा कि आज यूपी में सुरक्षा और सुविधा का ऐसा वातावरण है कि मथुरा-वृंदावन में 15 दिनों से चल रहे होली उत्सव को देखकर विदेशी मेहमान भी चकित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'नया भारत' हर तबके को अवसर और सुरक्षा प्रदान कर रहा है।
भ्रष्टाचार का दहन और आर्थिक प्रगति
समारोह में उपस्थित सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि सीएम योगी ने प्रदेश से भ्रष्टाचार का दहन कर दिया है। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के हालिया विदेश दौरों से यूपी में लाखों करोड़ के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जो प्रदेश को 'वन ट्रिलियन डॉलर' इकोनॉमी बनाने में सहायक होंगे।
मंच पर ये भी रहे मौजूद
शोभायात्रा के अवसर पर मंच पर सीएम योगी के साथ सांसद रविकिशन शुक्ल के अलावा महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव व गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह के अलावा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, होलिकादहन उत्सव समिति के समस्त पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी व आमजन उपस्थित रहे।
जनता से समरसता की अपील
मुख्यमंत्री ने अंत में जनता से अपील की कि होली के पावन पर्व पर अश्लीलता और हुड़दंग से दूर रहें। उन्होंने कहा कि अश्लील गाने पतन की ओर ले जाते हैं। त्योहार को आपसी वैर भुलाकर और समरसता के साथ मनाएं, क्योंकि सामाजिक एकता ही राष्ट्र की अखंडता का आधार है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां