जीएसटी से हुई कमाई क्या वापस करेगी भाजपा? अखिलेश यादव ने पूछा सवाल, सरकार पर लगाया 10 साल तक लूट का आरोप

इटावा। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जीएसटी (GST) सुधारों को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने सरकार पर पिछले दस वर्षों तक भारी टैक्स के जरिए जनता को लूटने का आरोप लगाया और सवाल किया कि इतने वर्षों तक जीएसटी बढ़ाकर जो मुनाफा कमाया गया है, क्या उसे सरकार वापस करेगी?
"भाजपा सरकार की चलाचली की बेला है"
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार का समय अब खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि "भाजपा सरकार की चलाचली की बेला है।" सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने नौ बजटों में जनता को कुछ नहीं दिया, बल्कि केवल झूठे वादे और झूठ के अलावा कोई काम नहीं किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा सरकार जाने वाली है और समाजवादी सरकार आने पर कारोबार बढ़ेगा, नौकरी और रोजगार मिलेगा, लोगों को न्याय मिलेगा तथा हर वर्ग के लिए काम होगा।
किसानों के मुद्दे पर घेरा
अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को खाद, बीज, बिजली और अन्य सुविधाएं नहीं दे पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में खाद की कालाबाजारी हुई, और किसानों को डीएपी-यूरिया के लिए लंबी लाइनें लगानी पड़ीं और धरना-प्रदर्शन करना पड़ा, फिर भी उन्हें खाद नहीं मिली। उन्होंने किसानों से अपील की कि जो सरकार खाद, बीज, पानी और फसलों की खरीद नहीं कर पा रही है, उसे हटा दें।
सपा नेताओं पर झूठे मुकदमे का आरोप
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार ने मोहम्मद आजम खां साहब समेत समाजवादी पार्टी के कई नेताओं पर झूठे मुकदमे लगाए और उन्हें परेशान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सपा नेताओं के खिलाफ षड्यंत्र कर रही है, जबकि एक तरफ वह टॉप टेन अपराधियों की सूची तक नहीं बताती। उन्होंने कहा कि आज थानों से लेकर हर जगह एक ही जाति के लोगों का बोलबाला है।
चुनाव में धांधली और विदेश नीति पर सवाल
अखिलेश यादव ने हाल के चुनावों में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक दबाव बनाकर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई, और मिल्कीपुर उपचुनाव जीतने के लिए भाजपा ने हर तरह के हथकंडे अपनाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मामले में असफल रही है। उन्होंने गिरती अर्थव्यवस्था और रुपये के मूल्य पर चिंता व्यक्त की। इसके अलावा, उन्होंने भाजपा की आर्थिक और विदेश नीति को फेल करार दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत के मित्र देशों की संख्या घट गई है, और जिन देशों को मित्र माना जाता था, वे भी व्यापार में भारत को चिढ़ा रहे हैं और कारोबार छीन रहे हैं। उन्होंने विदेश में भारतीयों के साथ हुए अपमान का भी मुद्दा उठाया और H-1B वीजा पर पाबंदियों से होने वाली परेशानियों का जिक्र किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में

रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !