मेरठ में होली 2026: अतिरिक्त बसें और स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित
मेरठ। होली पर्व के मद्देनज़र यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आज 28 फरवरी से 9 मार्च 2026 तक अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। जिससे होली के मौके पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। होली से कुछ दिन पहले और पर्व के बाद तक बड़ी संख्या में लोग अपने गृह जनपदों की ओर रुख करते हैं। ऐसे में भैसाली और शोहराबगेट बस अड्डे और पुराने बस अड्डों पर भीड़ बढ़ जाती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए रोडवेज विभाग ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। मेरठ के भैसाली बस अड्डे से प्रमुख रूटों से दिल्ली, मुरादाबाद, बरेली, रामपुर, हरिद्वार, देहरादून, बिजनौर, आगरा, अलीगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर और पश्चिमी यूपी के जिलों पर विशेष फोकस रखते हुए बसों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। मेरठ रोडवेज डिपो के एआरएम विपिन अग्रवाल ने बताया कि होली के मद्देनजर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। जिस रूट पर यात्रियों की अधिक भीड़ होगी उस रूट पर अतिरिक्त बसों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। बसों की स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही, जरूरत पड़ने पर रात्रिकालीन सेवाएं बढ़ाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी बस अड्डे पर यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा न करनी पड़े। बसों की स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही, जरूरत पड़ने पर रात्रिकालीन सेवाएं भी बढ़ाई जाएंगी।
ट्रेनों में बढ़ी भीड़, 3 मार्च तक होली स्पेशल
होली त्योहार के मद्देनजर मेरठ रेलवे स्टेशन पर आज से यात्रियों की भीड़ का दबाव बढ़ गया है। रेलवे प्रशासन ने 27 फरवरी से 3 मार्च तक होली स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। जो कि मेरठ स्टेशन पर रूककर चलाई जाएंगी। पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए आनंद विहार रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली स्टेशन से होली के दौरान अतिरिक्त भीड़ की संभावना को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। यह स्पेशल ट्रेन दिल्ली से संचालित होगी।
होली के दौरान ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्पेशल ट्रेन से अतिरिक्त दबाव कम होने की उम्मीद है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेशन पहुंचे और सुरक्षा नियमों का पालन करें। त्योहार को देखते हुए रेलवे स्टाफ को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मेरठ रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि स्टेशन पर शुक्रवार से यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। अभी 1 मार्च तक भीड़ का दबाव अधिक रहेगा। कई ट्रेनों में यात्री कोच की संख्या बढ़ाई गई है। होली स्पेशल ट्रेनों का ठहराव स्टेशन पर भी है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां