मेरठ: अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, 'मेंढक' समेत दो गिरफ्तार, भारी मात्रा में पिस्टल और उपकरण बरामद
मेरठ। जनपद की थाना लिसाड़ी गेट पुलिस ने अवैध हथियारों के काले कारोबार के विरुद्ध एक बड़ी सफलता अर्जित की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में तैयार और अधबनी पिस्टल, कारतूस तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक लिसाड़ी गेट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए विकासपुरी बिजली घर के पास सड़क से दो अभियुक्तों को दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मौ0 समी सैफी उर्फ समीर सैफी उर्फ 'मेंढक' और युसुफ सैफी के रूप में हुई है, जो मेरठ के इस्लामाबाद क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से अवैध हथियारों की बिक्री से कमाए गए एक लाख पचास हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
बरामदगी के जखीरे में एक अवैध पिस्टल 30 बोर, अधबनी पिस्टल, 188 फायरिंग पिन रॉड, 20 बैरलनुमा पाइप, 320 पिस्टल स्लाइड पुर्जे और भारी संख्या में पिस्टल बनाने की डाई, ग्राइंडर मशीन व अन्य उपकरण शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एक मोटरसाइकिल, डायरी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह बनाकर अवैध रूप से हथियारों का निर्माण, विक्रय और परिवहन करते थे। इस संबंध में थाना लिसाड़ी गेट पर आयुध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां