मेरठ में प्रभारी मंत्री ने विकास व सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की, मिलेट्स प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी
मेरठ। आज विकास भवन सभागार में मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन उप्र/प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह द्वारा विकास और सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक की गई। जिलाधिकारी ने मंत्री का पौधा भेंट कर व शॉल ओढाकर स्वागत किया। मंत्री ने विभागवार समीक्षा करते हुये कहा कि मेरठ सरकार के किये गये प्रयासों से विकास का मॉडल बन रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का पैमाना सडको से मापा जाता है।
मेरठ में बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित हुई है। आज एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेरठ मैट्रो दौड रही है। उन्होंने कहा कि त्यौहारों पर विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित रहे, नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाये। इस अवसर पर मंत्री द्वारा उप्र मिलेट्स पुर्नाद्धार कार्यक्रम 2025-26 योजनान्तर्गत खेती, प्रसंस्करण, विपणन एवं उपभोग को प्रोत्साहित करने हेतु एलईडी प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रभारी मंत्री ने विधानसभावार लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभाग द्वारा निर्माणाधीन सडकों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि शेष निर्माणाधीन सडकों का कार्य मार्च अंत तक पूरा कर लिया जाये। जो सड़कें पूर्ण हो गई हैं उनका लोकार्पण जनप्रतिनिधियों से कराया जाये। उन्होंने कहा कि हर विभाग वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्य योजना 15 अप्रैल तक अवश्य बना लें। मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजनान्तर्गत आवासों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की गई तथा नये वर्ष के आवास को चिन्हित कर उनको बनाने के निर्देश दिये गये।
ये भी पढ़ें मेरठ: शहीद चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, जाति और नशा मुक्त भारत का संकल्प
प्रभारी मंत्री ने गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष अधिक गेहूं क्रय केन्द्र खोले जाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि आईजीआरएस, सीएम हैल्पलाईन पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मेरिट के आधार पर किया जाये। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा में बच्चों को मोबाइल के प्रयोग के सकारात्मक/नकारात्मक प्रभावों पर बताया जाये तथा कार्यशाला के माध्यम से उनको जागरूक किया जाये। पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि त्यौहार के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। साइबर क्राईम पर विशेष ध्यान दिया जाये, कोई भी मामला आने पर त्वरित कार्रवाई की जाये। गौशालाओं में किये गये कार्यों की समीक्षा की गई उन्होंने कहा कि देशी नस्लों के सुधार हेतु कृत्रिम गर्भाधान कराया जाये। आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित की जाये और शिविर लगाकर अधिक से अधिक आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाये जाये।
इसके अलावा तहसील से संबंधित कार्य, वरासत, पैमाईश, सीआईएमएस पोर्टल, जल जीवन मिशन, नगर विकास, सिंचाई निर्माण खंड, समाज कल्याण, कृषि सहित अन्य संबंधित विभागों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिलाधिकारी डा0 वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, सीडीओ नूपुर गोयल, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि नीलेश चौरसिया, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां