मेरठ में होली के दौरान विवाद, मुस्लिम छात्र से मारपीट का आरोप, प्रदर्शन तेज, छात्र सस्पेंड
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक निजी विश्वविद्यालय परिसर में छात्र के साथ कथित मारपीट को लेकर विवाद गहरा गया है। घटना IIMT University की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि बिहार निवासी छात्र जीशान जुमे की नमाज़ अदा करने जा रहा था। इसी दौरान कैंपस में होली खेल रहे छात्रों के बीच से गुजरने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ छात्रों ने उसे दौड़ाकर पीटा और उसके कपड़े भी फाड़ दिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए करीब 27 सेकंड के वीडियो में छात्र को भीड़ से बचने के लिए भागते हुए देखा जा सकता है, जबकि कुछ छात्र उसका पीछा करते नजर आते हैं। बाद में उसे पकड़कर मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय का घेराव किया, धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए, दोषियों की गिरफ्तारी हो और विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
ये भी पढ़ें मुरादाबाद: जर्नलिस्ट एसोसिएशन पश्चिमांचल की नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, संगठन को मजबूत करने पर जोरवहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। जांच में एक आरोपी छात्र की पहचान होने पर उसे निलंबित कर दिया गया है, जबकि अन्य छात्रों की पहचान का प्रयास जारी है। यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि फिलहाल यह आंतरिक मामला है।पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई है।
दूसरी ओर, गंगानगर थाना पुलिस के अनुसार उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जबकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इस संबंध में सीओ सुधीर सिंह ने बताया कि 28 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से थाना गंगानगर क्षेत्र के एक निजी संस्थान में दो छात्र पक्षों के बीच आपसी विवाद का वीडियो संज्ञान में आया है। पुलिस वीडियो की सत्यता और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जाँच कर रही है।अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि जाँच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई (वैधानिक कार्रवाई) की जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां