होली मिलन समारोह के दौरान संगीत सोम बोले: "देश में दोबारा नहीं बनने देंगे बाबरी मस्जिद", मेरठ में सियासी पारा गर्म
पूर्व विधायक ने ईरान-इजरायल मामले पर भी साधा निशाना; भारी भीड़ के कारण हाईवे पर लगा घंटों का जाम
मेरठ। दौराला क्षेत्र के दशरथपुर गांव स्थित एक फार्म हाउस में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बाबरी मस्जिद के निर्माण को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अब देश में दोबारा बाबरी मस्जिद की नींव नहीं रखने दी जाएगी। उन्होंने मंच से संकल्प दिलाते हुए कहा, "यदि कहीं भी बाबरी मस्जिद बनाने का प्रयास किया गया तो सभी सनातनी मिलकर उसका विरोध करेंगे और उसकी एक-एक ईंट उखाड़ फेंकेंगे।"
ईरान-इजरायल मामले पर टिप्पणी
अपने संबोधन में संगीत सोम ने अंतरराष्ट्रीय घटनाओं का जिक्र करते हुए ईरान पर इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हमलों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या कर दी गई। वहां इतनी तबाही मचाई गई, लेकिन इतने मुस्लिम देश होने के बावजूद किसी ने विरोध करने की हिम्मत नहीं दिखाई। वहीं भारत में कुछ लोग बाबरी मस्जिद बनाने की बात करते हैं। हम 500 सालों तक बाबरी का कलंक झेल चुके हैं, अब कोई नई बाबरी मस्जिद नहीं बनने देंगे।" उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की दोबारा सरकार बनने का भी विश्वास जताया।
मंच पर दिग्गजों का जमावड़ा
होली मिलन समारोह में मिजोरम के राज्यपाल वी.के. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज, महंत रवींद्रपुरी, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी और कवयित्री अनामिका जैन अंबर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वामी कैलाशानंद गिरि ने संगीत सोम को हिंदुत्व के लिए लड़ने वाला योद्धा बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश को पहली बार ऐसा प्रधानमंत्री मिला है जो मजारों के बजाय तीर्थ स्थलों पर जाकर पूजा-अर्चना करता है। कवयित्री अनामिका जैन अंबर ने देशभक्ति गीतों से समां बांध दिया, जिस पर समर्थकों ने जमकर थिरकते हुए होली की शुभकामनाएं दीं।
जाम से जूझते रहे वाहन चालक
समारोह में जुटी भारी भीड़ के कारण हाईवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारों और बसों में सवार होकर पहुंचे हजारों समर्थकों के कारण नगली गेट से खतौली और दौराला से टोल प्लाजा तक लंबा जाम लग गया। हालांकि पुलिस और यातायात कर्मियों ने व्यवस्था संभालने का प्रयास किया, लेकिन जाम इतना भीषण था कि वाहन घंटों तक रेंगते नजर आए।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां