मुरादाबाद में तीन घंटे की मूसलाधार बारिश से थमी रफ्तार, जलमग्न हुईं एमडीए और आवास विकास की कॉलोनियां
मौसम के बदले मिजाज ने फिर लौटाई फरवरी जैसी ठंड, पीतलनगरी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित

मुरादाबाद। मुरादाबाद जनपद में शुक्रवार शाम को हुई तीन घंटे की मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को पानी-पानी कर दिया। पीतलनगरी के नाम से विख्यात मुरादाबाद में इंद्रदेव के प्रहार से एमडीए की कॉलोनियां हों या गली-मोहल्ले, हर जगह लबालब पानी भर गया। इस अचानक हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को मार्च के महीने में फरवरी जैसी ठंड का अहसास होने लगा है।
मुरादाबाद में मौसम का मिजाज गुरुवार देर रात एक बजे से ही बदलना शुरू हो गया था। शुक्रवार सुबह 9 बजे तक रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही, जिसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक फिर फुहारें पड़ीं। असली कहर शाम को टूटा, जब 6:30 बजे मूसलाधार बारिश शुरू हुई और रात 8:30 बजे तक लगातार जारी रही। तीन घंटे की इस भारी वर्षा ने मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) और आवास विकास की पॉश कॉलोनियों समेत शहर के निचले इलाकों को जलमग्न कर दिया। सड़कों पर पानी भरने से आवागमन में भी काफी परेशानी हुई।
होली के बाद से ही शहर में गर्मी का असर बढ़ने लगा था और लोगों ने घरों में पंखे व एसी चलाने शुरू कर दिए थे। हालांकि, शुक्रवार की बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर एके सिंह ने बताया कि अमूमन फरवरी के मध्य या शिवरात्रि के आसपास बारिश होती है, जिसके बाद ग्रीष्म ऋतु का आगमन होता है। इस साल फरवरी में बारिश नहीं हुई, जिसकी कसर अब मार्च के अंत में पूरी हो रही है। उन्होंने अनुमान जताया कि शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि रविवार से मौसम खुलने की उम्मीद है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां