यूपी पुलिस की 'रफ्तार' को लगेंगे पंख: होंडा फाउंडेशन देगा 50 क्यूआरटी वाहन, सीएम योगी शुक्रवार को दिखाएंगे हरी झंडी
बॉर्डर के जनपदों में सुरक्षा होगी चाक-चौबंद; पुलिस के वाहनों के बजट में हुई तीन गुना से अधिक की बढ़ोतरी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और त्वरित बनाने की दिशा में शुक्रवार को एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। 'होंडा इंडिया फाउंडेशन' अपने सीएसआर फंड के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस को 50 अत्याधुनिक क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) दोपहिया वाहन उपलब्ध करा रहा है। इन वाहनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में एक भव्य समारोह के दौरान हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इन 50 दोपहिया वाहनों का मुख्य उद्देश्य बॉर्डर वाले जनपदों में आपातकालीन स्थितियों और अपराध होने पर पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया को सुनिश्चित करना है। वितरण योजना के अनुसार, सहारनपुर जनपद को सबसे अधिक 5 वाहन दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शामली, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, बिजनौर, पीलीभीत, महोबा, बांदा, प्रतापगढ़, खीरी, उन्नाव, श्रावस्ती, सिद्धार्थ नगर, देवरिया और सोनभद्र जैसे संवेदनशील और बॉर्डर जनपदों को तीन-तीन वाहन सौंपे जाएंगे।
पुलिस वाहन बेड़े में ऐतिहासिक विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश पुलिस के संसाधनों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2017 में पुलिस के पास चार पहिया वाहनों की संख्या मात्र 9,500 थी, जो अब बढ़कर 15,500 हो चुकी है। इसी प्रकार दोपहिया वाहनों की संख्या 3,000 से बढ़कर 9,200 तक पहुंच गई है। सरकार ने पुलिस वाहनों की खरीद के बजट को भी 85 करोड़ से बढ़ाकर 280 करोड़ रुपये कर दिया है।
डीजीपी की मौजूदगी में होगा आयोजन
उत्तर प्रदेश पुलिस और होंडा इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण सहित शासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। पुलिस महानिदेशक के अनुसार, इन वाहनों के शामिल होने से संकरी गलियों और चुनौतीपूर्ण रास्तों वाले सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और अधिक प्रभावी होगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां