गाजियाबाद में बैंक्वेट हॉल की लिफ्ट में सिर फंसने से सफाईकर्मी की मौत, 20 मिनट तक फंसा रहा युवक

गाजियाबाद। जिले के पटेल नगर स्थित रेड के वेलवेट बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। लिफ्ट में काम के दौरान सफाईकर्मी शिवकुमार (25) का सिर फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि करीब 20 मिनट तक उसका सिर लिफ्ट और दीवार के बीच फंसा रहा, लेकिन समय रहते कोई उसे देख नहीं सका।
मृतक शिवकुमार भटैल, जिला हापुड़ का रहने वाला था और बैंक्वेट हॉल में सफाई कार्य के लिए बुलाया गया था। बैंक्वेट हॉल के मैनेजर ने इस घटना की सूचना सिहानीगेट थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें यमुना प्राधिकरण ने स्पार्क मिंडा को 7 एकड़ भूखंड का लेटर ऑफ़ इनटेंट सौंपा, 220 करोड़ निवेश की योजना कैसे हुआ हादसा
घटनास्थल पर मौजूद महेंद्र (निवासी नंदग्राम) के अनुसार, शिवकुमार अन्य सफाईकर्मियों के साथ काम कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि लिफ्ट चालू करते समय वह सही तरीके से लिफ्ट में सवार नहीं हो सका। इसी दौरान दीवार और लिफ्ट के बीच उसकी गर्दन फंस गई, जिससे लिफ्ट ओवरलोड होकर बंद हो गई।
लिफ्ट पर सुरक्षा कवर लगा होने के कारण किसी को अंदर फंसे शिवकुमार की जानकारी नहीं हो सकी। शाम को काम खत्म होने के बाद ठेकेदार और सहकर्मियों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। शुक्रवार सुबह जब कर्मचारी दोबारा बैंक्वेट हॉल पहुंचे तो शिवकुमार का शव लिफ्ट के नीचे पड़ा मिला। आशंका है कि रात में किसी समय शव लिफ्ट से नीचे गिर गया।
पुलिस जांच में जुटी
परिजनों ने सिहानीगेट थाने में तहरीर दी है। एसीपी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जा रही है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर कार्यस्थलों पर सुरक्षा इंतजामों और लिफ्ट संचालन में लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां