बिहार की सियासत गरमाई: नित्यानंद राय ने राहुल तेजस्वी पर बोला जोरदार हमला- Bihar Politics

Bihar Politics: बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कांग्रेस और राजद (RJD) पर तीखे आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ एआई (AI) वीडियो के जरिए अपमानजनक हरकत की है। इस घटना से बिहार की जनता आक्रोशित है और आने वाले समय में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को सबक सिखाएगी।
"इतने से मन नहीं भरा तो…"
जनता की ताकत को याद दिलाया
राय ने बिहार की जनता की राजनीतिक समझ पर जोर देते हुए कहा कि बिहारियों ने हमेशा अन्याय और अहंकार को ठुकराया है। उन्होंने याद दिलाया कि आपातकाल के समय जननायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में शुरू हुआ आंदोलन पूरे देश का आंदोलन बन गया था और कांग्रेस को सत्ता से बेदखल होना पड़ा था।
तेजस्वी यादव पर सीधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने तेजस्वी यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी में थोड़ा भी मान-सम्मान और मर्यादा होती, तो वह कांग्रेस से गठबंधन तोड़ देते। कांग्रेस की केरल इकाई ने जिस तरह बिहार के लोगों को गाली दी थी, उसके बाद तेजस्वी का चुप रहना बताता है कि बिहार का मान-सम्मान उनके लिए मायने नहीं रखता। राय ने कहा कि तेजस्वी ने जैसे बिहारियों को अपमानित करने का ठेका ले रखा है और राहुल गांधी, तेजस्वी के मोहरे मात्र हैं।
एनडीए की लहर से हताश कांग्रेस: संजय झा
वहीं, दूसरी ओर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की प्रचंड लहर देखकर कांग्रेस नेता हताशा के चरम पर पहुंच गए हैं। अब उनके पास केवल एक ही तरीका बचा है प्रधानमंत्री और उनकी माताजी के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट करना।
नीच हरकत से जनता करेगी करारा जवाब
संजय झा ने अपने एक्स (X) हैंडल पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माताजी का एआई वीडियो बनाना अत्यंत नीच हरकत है। यह केवल प्रधानमंत्री की मां का नहीं बल्कि हर मां और हर महिला का अपमान है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता कांग्रेस की इन हरकतों का ऐसा करारा जवाब देगी, जिसकी कल्पना भी पार्टी ने नहीं की होगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार कांग्रेस मुक्त हो जाएगा।